
3d gold bars and coins on white
नई दिल्ली। वाणिज्य मंत्रालय द्वारा रविवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक चालू वित्त वर्ष 2020-21 के अप्रैल माह से लेकर अक्टूबर माह के दौरान सोने का आयात 47.42 प्रतिशत घटकर 9.28 अरब डॉलर रह गया। गत वर्ष की समान अवधि के दौरान सोने का आयात 17.64 अरब डॉलर रहा था। हालांकि अक्टूबर 2020 में सोने का आयात 36 प्रतिशत बढ़ा है।
वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार 2020 के अप्रैल-अक्टूबर के दौरान चांदी का आयात भी 64.65 प्रतिशत घटकर 74.2 करोड़ डॉलर रह गया। चालू वित्त वर्ष के पहले सात माह में रत्न एवं आभूषणों का निर्यात 49.5 प्रतिशत घटकर 11.61 अरब डॉलर रह गया है।
उल्लेखनीय है कि भारत सोने का सबसे बड़ा आयातक है। मुख्य रूप से आभूषण उद्योग की मांग को पूरा करने के लिए सोने का आयात किया जाता है। भारत सालाना 800 से 900 टन सोने का आयात करता है।
सोने और चांदी के आयात में गिरावट से देश के व्यापार घाटे में भी कमी आई है। आयात और निर्यात का अंतर व्यापार घाटा होता है। अप्रैल-अक्टूबर में व्यापार घाटा घटकर 32.16 अरब डॉलर रह गया, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 100.67 अरब डॉलर था। (एजेंसी, हि.स.)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved