
भोपाल। मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (MPBSE) ने 2021 में होने जा रही कक्षा 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षा के लिए 30 फीसदी सिलेबस घटाने के साथ-साथ एग्जाम पैटर्न भी बदल दिया है। एमपी बोर्ड परीक्षा 2021 (MP Board Exam 2021) अब नये पैटर्न पर ली जाएगी। एमपी बोर्ड परीक्षा 2021 का नया पैटर्न कैसा होगा? कितने और किस तरह के सवाल पूछे जाएंगे? क्या नया जोड़ा गया है, क्या हटाया गया है? इन सभी सवालों के जवाब यहां जाने जा सकते हैं,
MP Board Exam 2021: ऐसा रहेगा नया पैटर्न
दरअसल, नये पैटर्न में 10वीं व 12वीं के सभी विषयों से दीर्घ उत्तरीय प्रश्न हटा दिए गए हैं। ऑब्जेक्टिव टाइप सवाल जोड़े गए हैं। इस बार एमपी बोर्ड परीक्षा में ऑब्जेक्टिव, सब्जेक्टिव और एनालिटिकल सवाल पूछे जाएंगे। सभी विषयों में 30-30 ऑब्जेटिव टाइप क्वेश्चंस पूछे जाएंगे। हर एमसीक्यू एक अंक का होगा।
5-5 सवाल सब्जेक्टिव टाइप होंगे। हर सब्जेक्टिव टाइप सवाल 3-3 अंक का होगा। इन 5 सवालों में से स्टूडेंट्स को कोई 3 सवाल हल करने होंगे। इन सवालों के जवाब 75 से 100 शब्दों में देने होंगे। इस बार परीक्षा में एक सवाल के लिए 4 अंक अधिकतम होगा। ये सवाल विश्लेषणात्मक होंगे। इनके उत्तर 125 से 150 शब्दों में देने होंगे। सभी विषयों में ऐसे 6 सवाल पूछे जाएंगे, जिनमें से किन्हीं 4 के उत्तर देने होंगे।
बोर्ड ने यह नया परीक्षा पैटर्न एमपीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। बोर्ड ने बताया है कि ये बदलाव कोविड-19 के कारण बदले हालात के मद्देनजर किए गए हैं। 2022 की बोर्ड परीक्षा में यह पैटर्न लागू रहेगा या नहीं, इस बारे में फिलहाल कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved