
पटना। राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कहा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को भारत रत्न पर राजनीति करने से बचना चाहिए। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि महान क्रिकेटर और भारत रत्न सचिन तेंदुलकर जिनको कृषि कानून का समर्थन करने या गणतंत्र दिवस पर हुए तिरंगे के अपमान की निंदा करने के कारण बुरे लगने लगे, वे बतायें कि उनकी पार्टी उन लोगों के बारे में क्या राय रखती हैं, जिन्होंने खुद प्रधानमंत्री पद पर रहते भारत रत्न ले लिये थे।
उन्होंने कहा कि क्या ऐसे व्यक्ति को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिलना चाहिए था, जिन पर भारत विभाजन स्वीकार करने, जम्मूकश्मीर में अनुच्छेद 370 लागू करने और 1962 में सैन्य पराजय जैसी ऐतिहासिक गलतियों के दस्तावेजी आरोप लगते रहे। राजद को राष्ट्रीय सम्मान के पुरस्कारों पर राजनीति करने से बचना चाहिए।
एक अन्य ट्वीट में सुशील मोदी ने कहा कि बिहार के एक पूर्व मंत्री और राजद के राष्ट्रीय पदाधिकारी जब से पुत्र को विधायक बनवाने के लिए अपना संन्यास तोड़ कर सक्रिय राजनीति में लौटे हैं, तब से लालू-राबडी को खुश करने के लिए बढ़चढ़ कर बयान देते रहे हैं। उन्हें लगता है कि इस समय पंजाब के बिचौलियों और भटके हुए सम्पन्न किसानों के समर्थन में बोलना तथा किसान आंदोलन के दौरान हुई हिंसा के विरुद्ध बोलने वालों को अपमानित करना उनकी पार्टी भक्ति के लिए जरूरी है। (एजेंसी, हि.स.)
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved