ग्वालियर। पश्चिम और उत्तर-पश्चिम (west and north-west) से आ रहीं शुष्क व गर्म हवाओं के चलते पिछले तीन दिन से ग्वालियर शहर लू (gwalior city lu) की चपेट में है। तीन दिन से यहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री के आसपास ही झूल रहा है। गुरुवार को भी शहर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पास ही टिका रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि हवाओं की दिशा बदलने के साथ ही अगले 24 घंटे में मानसूनी गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।
बता दें कि बीते मंगलवार से ग्वालियर शहर में भीषण गर्मी के साथ लू की भी स्थिति बनी हुई है क्योंकि तापमान सामान्य से पांच से छह डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है। शहर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 41.7, बुधवार को 42.6 और गुरुवार को भी 41.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 5.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान भी आज 29.2 डिग्री सेल्सियस पर टिका रहा। यह भी औसत से 2.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज हवाएं भी उत्तर-पश्चिमी चलीं, जिनकी गति छह किलोमीटर प्रति घंटा थी। आज सुबह हवा में नमी 45 और शाम को 32 प्रतिशत दर्ज की गई, जो सामान्य से क्रमश: 22 व 24 प्रतिशत कम है।
स्थानीय मौसम विभाग के अनुसार मानसूनी द्रोणिका अब उत्तर से दक्षिण की ओर शिफ्ट हो रही है। इसके साथ ही अरब सागर और उससे सटे गुजरात के ऊपर एक चक्रवात भी बना हुआ है। इससे अगले 24 घंटे में मानसूनी गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है। इसके अलावा 11 जुलाई को बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र भी बनने जा रहा है, जिससे मानसून को और ताकत मिलेगी। इससे आगामी दिनों में ग्वालियर-चम्बल सहित मध्यप्रदेश के अधिकांश भागों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved