
-डॉ सुकांत मजूमदार पश्चिम बंगाल भाजपा के नए अध्यक्ष नियुक्त
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जेपी नड्डा (Bharatiya Janata Party (BJP) President JP Nadda) ने बेबी रानी मौर्य और दिलीप घोष (Baby Rani Maurya and Dilip Ghosh) को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। साथ ही केंद्रीय नेतृत्व ने डॉ सुकांत मजूमदार को पश्चिम बंगाल इकाई का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।
भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने एक विज्ञप्ति में बताया कि बेबी रानी मौर्य और पश्चिम बंगाल से लोकसभा सदस्य दिलीप घोष को भाजपा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
बेबी रानी मौर्य उत्तराखंड की राज्यपाल थीं, उन्होंने अपने कार्यकाल के तीन वर्ष पूरा होने का बाद गत आठ सितम्बर को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। वह उत्तर प्रदेश के आगरा की रहने वाली हैं। राज्यपाल के पद से इस्तीफे के बाद उनके उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय होने के कयास लगाये जा रहे हैं। अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में उनको उम्मीदवार बनाये जाने की भी चर्चा है।
वहीं, पश्चिम बंगाल के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष को भी राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। हाल ही में भाजपा सांसद बाबुल सुप्रियो के पार्टी छोड़ कर तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने के बाद घोष को राज्य की बजाय केंद्रीय संगठन में जगह दी गई है। उनकी जगह डॉ सुकांत मजूमदार को पश्चिम बंगाल भाजपा की कमान सौंपी गई है। मजूमदार ने पश्चिम बंगाल की बालुरघाट लोकसभा सीट से वर्ष 2019 के आम चुनाव में जीत हासिल की थी। (एजेंसी, हि.स.)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved