जबलपुर। जिले के सिहोरा में मंगलवार को शिव मंदिर बाबा टाल (Shiv Mandir Baba Tall) के सामने बाइक सवार बदमाश व्यापारी के कर्मचारी से 4.84 लाख रुपए छीन कर फरार हो गए। आरोपियों ने चलती बाइक पर पीड़ित के बैग पर चाकू से वार किया। बैग गिरते ही हवाई फायर (air fire) करते हुए लेकर फरार हो गए। इससे पहले सोमवार को बाइक सवार दो बदमाशों ने बरगी टेक सालीवाड़ा में पिता-पुत्र से 84 हजार रुपए छीन लिए थे।
सिहोरा पुलिस के मुताबिक पीड़ित झंडा बाजार स्थित पीयूष ट्रेडर्स का कर्मी मंजू यादव है। वह अक्सर आईसीआईसीआई बैंक में पैसा जमा करने जाता है। मंगलवार दोपहर सवा 12 बजे वह 4 लाख 84 हजार रुपए बैग में रखकर सिहोरा बैंक में जमा करने जा रहा था। लेकिन बैंक से 50 मीटर पहले ही शिव मंदिर बाबा टाल के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने चलती बाइक पर उसके बैग पर चाकू से वार किया। बैग नीचे गिर गया। बदमाश बैग उठाकर हवाई फायर करते हुए फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। चारों तरफ नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।