
भोपाल। अशोका गार्डन इलाके में रहने वाली युवती की फेसबुक पर दोस्ती एक युवक से हो गई। दोनों के बीच चैटिंग चलने लगी साथ ही मेल-मुलाकात का दौर शुरू हो गया। इसी दौरान युवक ने युवती के साथ ज्यादती की। युवती ने जब शादी करने की बात की तो उसे छोटी जाति का बताते हुए शादी करने से मना कर दिया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने बलात्कार का प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि 24 वर्षीय युवती हबीबगंज थानाक्षेत्र के बांसखेड़ी इलाके में रहती है तथा बंगलों में झाड़ू-पोंछे का काम करती है। दो साल पहले फेसबुक पर उसकी दोस्ती अमीन बेग नाम के युवक से हो गई थी। जल्द ही दोनों के बीच चैटिंग होने लगी। इसी दौरान युवक ने युवती को मिलने के लिए बुलाया। युवती जब उससे मिलने के लिए पहुंची तो युवक उसे घुमाने के बहाने अशोका गार्डन इलाके के एक होटल में लेकर गया। यहां पर उसने युवती के साथ शारीरिक संबंध बना लिए। इसके बाद शादी का झांसा देकर वह युवती का शारीरिक शोषण करता रहा। पिछले दिनों युवती ने जब शादी करने की बात कही तो अमीन ने युवती को छोटी जाति का बताते हुए शादी करने से मना कर दिया। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद बलात्कार का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।