img-fluid

MP: दिवाली पर आतिशबाजी से भोपाल की हवा हुई जहरीली…. AQI साढ़े तीन सौ के पार पहुंचा

November 09, 2026

भोपाल। दीपावली (Diwali) पर आतिशबाजी (Firecrackers) का शोर थमने के बाद अब राजधानी की हवा (Air) में प्रदूषण का असर दिखाई देने लगा है। दिवाली के दूसरे दिन भी भोपाल (Bhopal) के लोगों को साफ हवा नसीब नहीं हुई। मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एमपीपीसीबी) के आंकड़ों में शहर के टीटी नगर (TT Nagar) निगरानी केंद्र का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 355 दर्ज किया गया। यह बहुत खराब श्रेणी में है।

पर्यावरण परिसर में भी एक्यूआई 296 तक पहुंच गया, जबकि कलेक्ट्रेट क्षेत्र में यह 301 दर्ज हुआ। यानी शहर के तीनों निगरानी केंद्रों पर हवा की गुणवत्ता चिंताजनक रही। सबसे ज्यादा प्रदूषण टीटी नगर में दर्ज किया गया। बोर्ड के 8 नवंबर सुबह 5 बजे से 9 नवंबर सुबह 5 बजे तक के 24 घंटे के औसत आंकड़े बताते हैं कि दिवाली के बाद प्रदूषण का स्तर बढ़ा है। खास बात यह है कि पिछले साल की तुलना में इस बार टीटी नगर और पर्यावरण परिसर में एक्यूआई ज्यादा रहा। टीटी नगर में पिछले साल के मुकाबले 42 अंक और पर्यावरण परिसर में 37 अंक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह स्थिति बताती है कि आतिशबाजी के बाद राजधानी की हवा पर प्रदूषण का दबाव कितना बढ़ा है।


  • टीटी नगर में पिछले साल से 42 अंक ज्यादा प्रदूषण
    मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के तुलनात्मक आंकड़ों में इस बार टीटी नगर की स्थिति सबसे ज्यादा खराब दिखाई दी। पिछले साल दिवाली के अगले दिन यहां एक्यूआई 313 था, जो इस बार बढ़कर 355 हो गया। पर्यावरण परिसर में पिछले साल 259 के मुकाबले इस बार 296 दर्ज किया गया। वहीं कलेक्ट्रेट क्षेत्र में पिछले साल 304 के मुकाबले इस बार 301 रहा। यानी शहर के अलग-अलग इलाकों में प्रदूषण का स्तर अलग-अलग रहा, लेकिन दो प्रमुख निगरानी केंद्रों पर पिछले साल से ज्यादा प्रदूषण दर्ज हुआ।

    पीएम 2.5 के महीन कणों ने बढ़ाई सांसों की परेशानी
    प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों में पीएम 2.5 प्रमुख प्रदूषक के रूप में सामने आया है। टीटी नगर में पीएम 2.5 का 24 घंटे का औसत 191.41 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। पर्यावरण परिसर में यह 118.89 और कलेक्ट्रेट क्षेत्र में 121.09 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा। पीएम 2.5 के कण इतने छोटे होते हैं कि सांस के साथ फेफड़ों की गहराई तक पहुंच सकते हैं। पटाखों से निकलने वाला धुआं और सूक्ष्म कण हवा में प्रदूषण बढ़ाते हैं। इसके संपर्क में आने से आंखों में जलन, खांसी, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी हो सकती है। अस्थमा, हृदय रोग से पीड़ित लोगों, बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

    पिछले साल भी दिवाली के बाद बिगड़ी थी हवा
    पिछले साल भी दिवाली के बाद भोपाल में प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ा था। 20 अक्टूबर 2025 को पर्यावरण परिसर में एक्यूआई 208 दर्ज किया गया था। अगले दिन यह बढ़कर 259 पहुंच गया। इस साल दिवाली की सुबह इसी केंद्र पर एक्यूआई 277 दर्ज हुआ और अगले 24 घंटे के औसत में यह 296 रहा। यानी पिछले साल की तरह इस बार भी दिवाली के बाद हवा की गुणवत्ता बिगड़ी और पर्यावरण परिसर में प्रदूषण का स्तर पिछले साल से आगे निकल गया।

    एक्यूआई 300 पार होने का क्या मतलब?
    एक्यूआई 201 से 300 के बीच होने पर हवा खराब श्रेणी में मानी जाती है। 301 से 400 के बीच यह बहुत खराब श्रेणी में पहुंच जाती है। ऐसे स्तर पर लंबे समय तक प्रदूषित हवा में रहने से सांस संबंधी परेशानी बढ़ सकती है। भोपाल के टीटी नगर और कलेक्ट्रेट क्षेत्र का एक्यूआई 300 के पार पहुंचना इसी श्रेणी में आता है। पर्यावरण परिसर का स्तर भी खराब श्रेणी के ऊपरी छोर पर है।

    Share:

  • दिवाली की रात देश के कई शहरों में हुई आग की घटनाएं.... ठाणे में 50 लोगों को सुरक्षित निकाला

    Mon Nov 9 , 2026
    नई दिल्ली। दिवाली (Diwali Night) की रात देश के कई राज्यों में आग ( Fires) लगने की घटनाएं सामने आईं। महाराष्ट्र (Maharashtra) के मुंबई, ठाणे, नागपुर, नवी मुंबई और पुणे से लेकर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) और ओडिशा तक अलग-अलग जगहों पर आग लगी। कहीं रिहायशी इमारत में लोग फंस गए तो […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved