img-fluid

MP: भोपाल में 500 रुपये मांगने पहुंची थी पड़ोसन, इनकार पर कर दी बुजुर्ग की हत्या .. गहने लूटे

November 10, 2026

भोपाल। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) की राजधानी भोपाल (Bhopal) के शाहजहांनाबाद इलाके (Shahjahanabad area) में 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या और लूट की वारदात ने रिश्तों और इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है. महज 500 रुपए के विवाद और जेवरों के लालच में पड़ोस में रहने वाली महिला ने बुजुर्ग की कथित तौर पर बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपी ने पहले बुजुर्ग का मुंह और नाक दबाकर दम घोंटा और फिर उनके शरीर पर पहने सोने के जेवर, यहां तक कि सोने के दांत भी निकालकर फरार हो गई. पुलिस ने मामले में अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतिका की पहचान कलरी देवी पति हरीचंद प्रजापति (60) निवासी मल्टी A-2, बाजपेई नगर, थाना शाहजहांनाबाद के रूप में हुई है. 6 नवंबर 2026 को हमीदिया अस्पताल से उनकी मृत्यु की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी. शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण दम घुटना और श्वास नली अवरुद्ध होना सामने आया. इसके बाद पुलिस ने हत्या और लूट का मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू की।


  • पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात वाले दिन आरोपी रेखा उर्फ रीता उर्फ रीत बुजुर्ग महिला के घर 500 रुपए मांगने पहुंची थी. बुजुर्ग ने पैसे देने से इनकार कर दिया. पुलिस के मुताबिक आरोपी नशे की हालत में थी. पैसे नहीं मिलने और जेवरों के लालच में उसने बुजुर्ग का मुंह और नाक दबाकर उनकी हत्या कर दी. इसके बाद शरीर पर पहने सोने के जेवर और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गई।

    घर के सामने रहने वाली महिला पर गहराया शक
    मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) गठित की थी. आरोपी की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्य जुटाए. जांच के दौरान मृतिका के घर के सामने रहने वाली महिला की भूमिका संदिग्ध नजर आई. पुलिस ने जब उससे पूछताछ की तो उसने कथित तौर पर वारदात करना स्वीकार कर लिया।

    सोने के झुमके, नाक की लौंग, पायल और सोने के दांत बरामद
    गिरफ्तार आरोपी की पहचान रेखा उर्फ रीता उर्फ रीत (45), पति स्वर्गीय सुरेश सुडरकर, मूल निवासी भुसावल महाराष्ट्र, वर्तमान निवासी ए-1/जी-7 मल्टी बाजपेई नगर, ईदगाह हिल्स भोपाल के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके कब्जे से मृतिका के सोने के झुमके, नाक की लौंग, सोने के दांत, पैरों की पायल और नकदी बरामद की है. इसके अलावा वारदात के समय पहने गए कपड़े, चप्पल और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

    आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं आपराधिक मामले
    पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला के खिलाफ निशातपुरा थाने में नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म का मामला दर्ज है. वहीं शाहजहांनाबाद थाने में सार्वजनिक स्थान पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का प्रकरण भी दर्ज है।

    पुलिस आयुक्त संजय कुमार और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त जोन-3 आयुष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त शालिनी दीक्षित और सहायक पुलिस आयुक्त अनिल वाजपेयी के मार्गदर्शन में शाहजहांनाबाद पुलिस और SIT ने कार्रवाई की. आरोपी को गिरफ्तार कर दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है. पुलिस रिमांड के दौरान मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

    Share:

  • तुर्की के इज़मिर प्रांत में स्टील फैक्ट्री में भीषण विस्फोट ... 16 मजदूरों की मौत, 13 घायल

    Tue Nov 10 , 2026
    अंकारा। पश्चिमी तुर्की (Western Türkiye) के इजमिर में एक लोहे और इस्पात कारखाने (Iron and Steel Plants) में भीषण विस्फोट के बाद आग लग गई. हादसे के दौरान फैक्ट्री में करीब 200 मजदूर मौजूद थे. इस हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। इज़मिर प्रांत (İzmir Province) के […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved