
भोपाल। मध्य प्रदेश में हुए नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण के परिणाम आने में महज 2 दिन का समय बाकी रह गया है। 17 जुलाई को परिणाम आने हैं। लिहाजा भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल मतगणना को लेकर विशेष तैयारी कर रहे हैं, लेकिन परिणामों से पहले कांग्रेस ने ईवीएम से छेड़छाड़ की आशंका जाहिर की है। भोपाल की पुरानी जेल में बनाए गए स्ट्रांग रूम के बाहर कांग्रेस के कार्यकर्ता 24 घंटे पहरा दे रहे हैं।
नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल जीत का दावा कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस हर कदम फूंक-फूंक कर रखती हुई नजर आ रही है। कांग्रेस ने भोपाल नगर निगम के पार्षद प्रत्याशियों को स्ट्रांग रूम के बाहर तैनात कर दिया है और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर यह प्रत्याशी 24 घंटे ईवीएम पर नजर बनाए हुए हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता तीन शिफ्ट में स्ट्रांग रूम के बाहर दिन रात ड्यूटी दे रहे हैं। पुरानी जेल मैं कैद ईवीएम मशीनों का आउटपुट सीसीटीवी कैमरों के जरिए प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं की निगरानी के लिए बाहर बने वॉचरूम में दिया जा रहा है।
बिजली गुल होने पर जताई अप्पति
बीते दिनों पुरानी जेल स्थित स्ट्रांग रूम की बिजली गुल होने को लेकर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताई है। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा सत्ता बल और प्रशासन का दुरुपयोग कर सकती है। स्ट्रांग रूम में जनरेटर और इनवर्टर की सुविधाएं हैं, लेकिन उसके बाद भी बिजली गुल होना आपत्तिजनक है। कांग्रेस प्रत्याशियों का कहना है कि जनता ने अपना विश्वास मत हमें दिया है, इसलिए मतगणना होने तक हम लोग सतत ईवीएम की निगरानी कर रहे हैं। वहीं मतगणना के लिए पुरानी जेल में प्रशासनिक तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं। ईवीएम की सुरक्षा के लिए भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved