
भोपाल। विधानसभा चुनाव के साल में फरवरी आते-आते पूरा माहौल राजनीतिक रंग में आ जाएगा। शिवराज सरकार पांच फरवरी से अपनी विकास यात्रा से आम आदमी से योजनाओं के लाभ पर संवाद करेगी, तो वहीं कांग्रेस 26 जनवरी से ही प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ की अगुआई में मतदाताओं से हाथ से हाथ जोड़ो अभियान से सरकार बनाने के दावे को मजबूत करने में लग जाएगी। यात्राओं के इस दौर से दोनों दल एक-दूसरे से आगे निकलने में ताकत झोंकेंगे, वहीं शहर से लेकर गांवों तक राजनीतिक सरगर्मी दिखाई देगी। राजनीतिक दृृष्टि से भाजपा-कांग्रेस के इस शक्ति प्रदर्शन में छिंदवाड़ा की भूमिका अहम रहेगी। कमलनाथ का गढ़ होने से इस समय कांग्रेस का सातों विधानसभा सीट पर कब्जा है।
कांग्रेस भी चलाएगी हाथ से हाथ जोड़ो अभियान
भाजपा की विकास यात्रा से पहले कांग्रेस आगामी 26 जनवरी से हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की शुरुआत कर रही है। इसका शुभारंभ भोपाल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ करेंगे। अभियान प्रदेश में दो स्तर पर करीब दो माह चलाया जाएगा, जिसमें हर जिला मुख्यालय पर एक कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, वहीं गांव और ब्लाक स्तर पर कार्यक्रम होंगे। जिसमें हर गांव और पोलिंग बूथ को दायरे में लिया जाएगा। गांव-गांव में राष्ट्रध्वज और कांग्रेस का झंडा फहराकर यात्रा शुरू होगी, घर-घर जाकर लोगों से संपर्क किया जाएगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved