
कांग्रेस में बड़ा बदलाव… संगठन को मजबूत बनाएंगे..
नई दिल्ली। कर्नाटक जीत से उत्साहित कांग्रेस वर्ष के अंत में होने वाले विधानसभा और 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जी-जान से जुट गई है। इसी कड़ी में कांग्रेस संगठन में बड़ा फेरबदल करने जा रही है, जिसके तहत राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, दिल्ली, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और झारखंड में जहां नए अध्यक्षों के नामों का ऐलान किया जाएगा, वहीं ओडिशा, हरियाणा, बिहार, मध्यप्रदेश में भी नए प्रभारी को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस माह के अंत तक कांग्रेस संगठनात्मक फेरबदल की प्रक्रिया पूरी कर लेगी। राज्यों में बनने वाले नए अध्यक्ष-प्रभारियों की सूची पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े के पास पहुंच गई है। शीघ्र ही खडग़े सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मुलाकात कर सूची को अंतिम रूप देंगे। इसके साथ ही कर्नाटक और हिमाचल में सफल चुनावी संचालन करने के बाद पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी को बड़ी भूमिका दी जाएगी।
मध्यप्रदेश में नाथ बरकरार राजस्थान में बड़ा फेरबदल
पार्टी आलाकमान की नजर में मध्यप्रदेश में कांग्रेस मजबूत स्थिति में है। ऐसे में कमलनाथ ही प्रदेश अध्यक्ष रहेंगे। हालांकि पार्टी चुनाव से पहले यहां पर प्रभारियों में फेरबदल कर सकती है। राजस्थान में सचिन पायलट और गहलोत के बीच मतभेद के बाद यहां पर आलाकमान बड़े फेरबदल की रणनीति पर काम कर रहा है।
… और लालू के फोन से मान गई सोनिया
23 जून को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निवास पर आयोजित होने वाली विपक्षी एकता की बैठक में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालूप्रसाद यादव की एंट्री हो गई है। माना जा रहा है कि कांग्रेस ने इस बैठक से पूरी तरह किनारा कर लिया था, लेकिन लालूप्रसाद यादव द्वारा सोनिया गांधी को किए गए फोन और बैठक में आने की अपील के बाद खडग़े और राहुल गांधी दोनों ने बैठक में आने का कहा है। लालू यादव के कांग्रेस और सोनिया गांधी से व्यक्तिगत संबंध रहे हैं।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved