
नई दिल्ली: दिल्ली चुनाव प्रचार अपने अंतिम चरण हैं, कल यानी कि सोमवार 3 जनवरी से प्रचार थम जाएगा. यही कारण है कि यहां राजनीतिक बयानबाजी तेज हो चली है. विदेश मंत्री एस जयशंकर ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर लोगों को बेसिक सुविधाएं मुहैया न कराने का आरोप लगाया है. जयशंकर ने कहा कि उन्हें देश के बाहर यह बात स्वीकार करने में शर्म आती है कि दिल्ली में लोगों को केंद्र सरकार की तरफ से दी जा रहीं मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं.
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने दिल्ली चुनाव से ठीक 4 दिन पहले आम आदमी पार्टी पर करारा हमला बोला है. उन्होंने AAP पर साफ पानी, बिजली, स्वास्थ्य देखभाल,आवास और अन्य आवश्यक सुविधाएं देने फेल होने के आरोप लगाए हैं.केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि दिल्ली पिछले 10 सालों में पिछड़ गया है.
जयशंकर ने कहा कि जब भी मैं विदेश जाता हूं, मैं दुनिया से एक बात छुपाता हूं. मुझे विदेश में यह बताने में शर्म महसूस होती है कि राजधानी में रह रहे लोगों को घर नहीं मिल रहे, गैस सिलेंडर नहीं मिल रहे, जल जीवन मिशन के तहत पाइप वाला पानी नहीं मिल रहा और न ही आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिल रहा है. यहां के लोग आज भी अपने मूल अधिकारों से वंचित हैं.
दिल्ली में 70 विधानसभा सीटों के लिए 5 फरवरी को वोटिंग होने वाली है. यहां आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है. बीजेपी यहां अपना 27 साल का वनवास खत्म करने की कोशिश कर रही है, तो वहीं कांग्रेस खुद को दोबारा जीवित करने में लगी है. वहीं आप की बात करें तो वो किसी भी कीमत पर सत्ता में बने रहना चाहती है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved