
नई दिल्ली । पाकिस्तान नेशनल असेंबली (Pakistan National Assembly) के पूर्व डिप्टी स्पीकर कासिम खान सूरी (Qasim Khan Suri) इन दिनों गुजर-बसर करने के लिए अमेरिका (America) में टैक्सी (Taxi) चलाने को मजबूर हैं। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) अमेरिका द्वारा पोस्ट किए गए एक वीडियो में उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी सरकार द्वारा उनकी संपत्ति और बैंक खाते जब्त किए जाने के बाद वह अब अमेरिका में ड्राइविंग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यहां ड्राइवर के रूप में काम करते हुए मुझे वित्तीय चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन ईमानदारी से जीविका कमाने पर मुझे गर्व है।
जारी वीडियो में बताया गया है कि कासिम खान सूरी को पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान का समर्थन करने के कारण दजर्नों फर्जी मामलों में फंसा दिया गया। उनकी संपत्ति और बैंक खातों की जब्ती कर ली गई। साथ ही पाकिस्तान से जबरन खदेड़ दिया गया।
लोगों के लिए खड़े होने पर कीमत चुकाई
कासिम खान ने कहा कि यह वह कीमत है जो कई लोगों ने केवल इमरान खान के साथ लोकतंत्र, कानून के शासन और पाकिस्तान के लोगों के सम्मान के लिए खड़े होने के कारण चुकाई है। सूरी ने इमरान खान के खिलाफ चल रहे फर्जी अदालती मामलों पर चिंता जताई।
सूरी ने आगे कहा कि मौजूदा पाकिस्तानी सरकार का अन्याय और कुकर्म सबके सामने है। उन्होंने बताया कि सभी पाकिस्तानी इस अन्याय के शिकार हैं। उन्होंने कहा कि देश में लोगों को जबरिया झूठे मामलों में फंसाया जा रहा है।
सादगी और गरिमामय तरीके से जिया जीवन
पुराने वक्त को याद करते हुए उन्होंने कहा कि एक समय उन्होंने इस्लामाबाद में कैपिटल डेवलपमेंट अथॉरिटी (सीडीए) में एक महत्वपूर्ण पद संभाला था लेकिन इससे कभी कोई निजी संपत्ति अर्जित नहीं की। उन्होंने कहा मैंने अपना जीवन गरिमा और सादगी से जिया। सूरी ने बताया कि वर्ष 2018 से पहले वह क्वेटा स्थित अपने घर पर इमरान खान और आरिफ अल्वी जैसे वरिष्ठ राजनीतिक हस्तियों की मेजबानी करने में सक्षम थे।
सूरी ने 15 अगस्त 2018 से 16 अप्रैल 2022 तक पाकिस्तान की राष्ट्रीय सभा के 19वें उपाध्यक्ष के रूप में कार्य किया। वह अगस्त 2018 से जनवरी 2023 तक पाकिस्तान की राष्ट्रीय सभा के सदस्य भी रहे थे। उन्होंने 2022 में पाकिस्तान की नेशनल असेंबली के उप-अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved