
नई दिल्ली । कॉमेडी और एंटरटेनमेंट (Comedy and Entertainment) से भरपूर वेलकम (Welcome) फ्रैंचाइजी के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। जहां दर्शक इस समय तीसरी फिल्म वेलकम टू द जंगल 9Welcome to the Jungle) की रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, वहीं मेकर्स ने अब फ्रैंचाइजी की चौथी फिल्म वेलकम 4 को लेकर भी बड़ा ऐलान कर दिया है। निर्माता फिरोज नाडियाडवाला (Firoz Nadiadwala) ने पुष्टि की है कि वेलकम 4 (Welcome 4) पर काम शुरू हो चुका है और इसकी स्क्रिप्ट फिलहाल अंतिम चरण में है। इस घोषणा के बाद फैंस के बीच उत्साह और भी बढ़ गया है, क्योंकि संभावना जताई जा रही है कि फिल्म में एक बार फिर उदय शेट्टी और मजनू भाई की मशहूर जोड़ी पर्दे पर धमाल मचाती नजर आ सकती है।
ई-टाइम्स से बातचीत के दौरान फिरोज नाडियाडवाला ने बताया कि ‘वेलकम 4’ को पहले की फिल्मों से कहीं ज्यादा बड़े और भव्य स्तर पर तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बार फिल्म को इंटरनेशनल अपील के साथ बनाया जाएगा, जिसमें संगीत, एक्शन और प्रोडक्शन का स्तर पहले से कहीं ज्यादा बड़ा होगा। निर्माता के मुताबिक फिल्म के लिए मल्टीकल्चरल म्यूजिक पर काम किया जा रहा है, जिसमें मिडिल ईस्ट, अफ्रीका, अमेरिका और चीन जैसे अलग-अलग क्षेत्रों के कलाकार और संगीत प्रतिभाएं एक साथ जुड़ सकती हैं। इससे फिल्म को वैश्विक स्तर पर एक अलग पहचान देने की योजना है।
फिल्म की कहानी को लेकर भी उन्होंने संकेत दिए कि इस बार कथानक में कई खतरनाक विलेन हो सकते हैं, जो कहानी को और रोमांचक बनाएंगे। ऐसे में उदय भाई, मजनू भाई और डॉ. घुंघरू जैसे लोकप्रिय किरदारों का एक साथ आना और कई डॉन के बीच टकराव दर्शकों के लिए एक जबरदस्त सिनेमाई अनुभव बन सकता है। हालांकि अभी तक स्टारकास्ट को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन फैंस को उम्मीद है कि नाना पाटेकर और अनिल कपूर की लोकप्रिय जोड़ी फिर से पर्दे पर दिखाई दे सकती है।
इसी बातचीत के दौरान फिरोज नाडियाडवाला ने ‘वेलकम टू द जंगल’ की रिलीज में हो रही देरी पर भी सफाई दी। उन्होंने अफवाहों को खारिज करते हुए कहा कि फिल्म पूरी तरह तैयार है और इसके रिलीज प्लान पर काम चल रहा है। ‘वेलकम टू द जंगल’ का निर्देशन अहमद खान ने किया है और यह एक बड़ी मल्टीस्टारर फिल्म है।
गौरतलब है कि ‘वेलकम’ फ्रैंचाइजी की शुरुआत साल 2007 में आई फिल्म ‘वेलकम’ से हुई थी, जिसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता हासिल की थी। इसके बाद ‘वेलकम बैक’ रिलीज हुई, जिसमें जॉन अब्राहम की एंट्री हुई और अक्षय कुमार फिल्म का हिस्सा नहीं थे। अब तीसरी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ में अक्षय कुमार की वापसी हो चुकी है, हालांकि नाना पाटेकर इस फिल्म का हिस्सा नहीं हैं। यह फिल्म 26 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है और इसके बाद ‘वेलकम 4’ को लेकर उत्सुकता और भी बढ़ गई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved