
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर (Jammu and Kashmir) के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला (Farooq Abdullah) पर बुधवार देर रात एक शादी समारोह के दौरान जानलेवा हमला (Attack) करने की कोशिश की गई। घटना के समय वहां जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी भी मौजूद थे। हमलावर ने अचानक बंदूक तानकर गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता से फारूक अब्दुल्ला बाल-बाल बच गए। पुलिस ने आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार यह घटना जम्मू के ग्रेटर कैलाश इलाके में स्थित रॉयल पार्क में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान हुई। वहां सुरक्षा के लिए विशेष कमांडो और पुलिसकर्मी तैनात थे। जैसे ही हमलावर ने गोली चलाने की कोशिश की, सुरक्षा दल ने तुरंत उसे काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से बंदूक भी जब्त कर ली है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावर को घेरकर कुछ लोग पकड़ते और मारते-पीटते दिखाई दे रहे हैं।
कौन है हमलावर?
फारूक अब्दुल्ला पर हमला करने वाले व्यक्ति का नाम कमल सिंह जामवाल बताया जा रहा है। वह जम्मू के पुरानी मंडी इलाके का रहने वाला है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार कमल सिंह का जन्म वर्ष 1963 में हुआ था। जम्मू के पुराने शहर इलाके में उसकी कई दुकानें हैं और उन्हीं के किराए से उसका गुजारा चलता है।
पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। उसने बताया कि वह पिछले 20 वर्षों से फारूक अब्दुल्ला को मारने की योजना बना रहा था। आरोपी ने कहा कि यह उसका निजी मकसद था। जिस बंदूक से गोली चलाने की कोशिश की गई, वह भी उसी की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या बताया?
समारोह में मौजूद राकेश सिंह ने बताया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष की बेटी की शादी थी। सभी लोग कार्यक्रम में बैठे थे। तभी डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने वहां से जाने की बात कही। जैसे ही वे आगे बढ़े, तभी एक व्यक्ति उनके पीछे आया और उनके सिर के पास बंदूक तान दी। उसी समय सुरक्षा कर्मी ने उसे धक्का देकर हटाया, जिससे गोली ऊपर की ओर चल गई।
मंत्री ने सुरक्षा पर उठाए सवाल
जम्मू-कश्मीर सरकार के मंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि इस मामले की जांच पुलिस कर रही है और सभी लोग सुरक्षित हैं। उन्होंने इस घटना को सुरक्षा में चूक बताया और कहा कि ऐसे मामलों को गंभीरता से लेना चाहिए। जिन नेताओं ने देश के लिए बड़ी कुर्बानियां दी हैं, उन्हें पूरी सुरक्षा मिलनी चाहिए।
उमर अब्दुल्ला ने जताया आभार
घटना के बाद जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि ईश्वर की कृपा से उनके पिता बड़े खतरे से बच गए। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति भरी हुई पिस्तौल लेकर बहुत करीब तक पहुंच गया था और उसने नजदीक से गोली चलाने की कोशिश की।
Allah is kind. My father had a very close shave. The details are sketchy at the moment but what is known is that a man with a loaded pistol was able to get within point blank range & discharge a shot. It was only the close protection team that deflected the shot & ensured that… https://t.co/hYBe64Eigl
— Omar Abdullah (@OmarAbdullah) March 11, 2026
उमर अब्दुल्ला ने यह भी सवाल उठाया कि कड़ी सुरक्षा के बावजूद कोई व्यक्ति पूर्व मुख्यमंत्री के इतने करीब कैसे पहुंच गया। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved