
रामपुर: उत्तर प्रदेश के रामपुर जनपद से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. दरअसल यहां एक बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर ने पहले अपने बेटे को वीडियो कॉल कर रोते हुए अपना दर्द बयां किया और फिर पंखे से लटककर जान दे दी. मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने उसे तुरंत नीचे उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पूरा मामला रामपुर स्थित शाहबाद थाना क्षेत्र के बिलारी मार्ग पर स्थित एक किराए के मकान का है, जहां शाहजहांपुर के रविंद्र मिश्रा अकेले रहते थे और बिजली विभाग में काम करते थे. उनका बेटा 12 वर्षीय अथर्व अपने ताऊ प्रभात मिश्रा के घर रहता है. शनिवार देर रात करीब 11 बजकर 20 मिनट पर रविंद्र ने अपने बड़े भाई को वीडियो कॉल किया और बेटे से बात कराने को कहा.
बड़े भाई ने मोबाइल अथर्व को दे दिया और दूसरे कमरे में चले गए. कुछ देर बाद बेटा अपने ताऊ के पास भागता हुआ गया और बोला कि पापा रो रहे हैं और फांसी लगाने जा रहे हैं. इतना सुनते ही बड़े भाई प्रभात ने रविंद्र के साथ काम करने वालों को इसकी सूचना दी. मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने दरवाजा तोड़कर रविंद्र को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी.
परिजनों ने जानकारी दी कि रविंद्र का अपनी पत्नी के साथ करीब 10 साल से लड़ाई-झगड़ा चल रहा है. दोनों के बीच तलाक का मामला भी कोर्ट तक पहुंच चुका है. परिजनों के अनुसार, पारिवारिक कलह और मानसिक तनाव के चलते रविंद्र ने इतना बड़ा कदम उठाया होगा. बड़े भाई ने बताया कि साल 2012 में रविंद्र की शादी तिलहर निवासी श्रुति मिश्रा के साथ हुई थी.
वहीं बेटे अथर्व ने कहा कि मां हमारे साथ नहीं रहती थीं और अक्सर पैसों को लेकर पापा से लड़ाई करती थीं. बेटे ने मां पर पिता को प्रताड़ित करने का आरोप भी लगाया और पुलिस से मां के खिलाफ एक्शन लेने की मांग भी की है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved