
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के सरगुजा जिले (Sarguja District) के संजय वन वाटिका पार्क (Sanjay Van Vatika Park) में शुक्रवार रात आवारा कुत्तों (Stray dogs) के हमले से 15 हिरणों (Deer) की मौत का गंभीर मामला सामने आया है। पास के जंगल से चार से पांच आवारा कुत्तों का झुंड पार्क में घुस आया और हिरणों के बाड़े को तोड़कर उन पर हमला कर दिया।
घटना की जानकारी 21 मार्च की सुबह वन कर्मचारियों और अधिकारियों को मिली, जिससे हड़कंप मच गया। हिरणों में 5 मादा चीतल, 1 नर चीतल, 5 मादा कोटरा, 1 नर कोटरा और 3 नर चौसिंघा शामिल थे। संभागीय वन अधिकारी अभिषेक जोगवत ने पुष्टि की कि हिरणों की मौत कुत्तों के काटने के कारण हुई। हिरणों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उनके अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई।
लापरवाही पर कार्रवाई
मुख्य वन संरक्षक दिलराज प्रभाकर ने कथित लापरवाही के आरोप में डिप्टी रेंजर अशोक सिन्हा और तीन वन रक्षकों—ममता परते, प्रतिमा लकड़ा और बिंदु सिंह को निलंबित कर दिया। अंबिकापुर के फॉरेस्ट रेंजर अक्षपालक ऋषि को भी पांच दिनों में जवाब देने के लिए नोटिस जारी किया गया है।
जांच और सुरक्षा प्रबंध
अभिषेक जोगवत ने बताया कि घटना की जांच के लिए सब-डिविजनल ऑफिसर, अंबिकापुर के नेतृत्व में टीम बनाई गई है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पार्क को तीन दिनों के लिए आम जनता के लिए बंद कर दिया गया है और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। घटना के समय पार्क में कोई भी मौजूद नहीं था।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved