
भोपाल. राजधानी में युवा विधायकों (young MLAs) का दो दिवसीय सम्मेलन ( two-day conference) सोमवार से आयोजित होने जा रहा है। राष्ट्रकुल संसदीय संघ (भारत क्षेत्र-6) के तहत होने वाले इस सम्मेलन में मध्य प्रदेश (MP), छत्तीसगढ़ (CG) और राजस्थान (Rajasthan) के युवा विधायक हिस्सा लेंगे। इनमें मध्य प्रदेश के 37, छत्तीसगढ़ के 15 और राजस्थान के 22 विधायक शामिल हैं।
सम्मेलन के उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी और छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे। पहले दिन ‘लोकतंत्र और नागरिकों की भागीदारी को मजबूत करने में युवा विधायकों की भूमिका’ विषय पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इस दौरान माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय के कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी भी संबोधित करेंगे। दूसरे दिन 31 मार्च को ‘विकसित भारत 2047: युवा विधायकों के दायित्व और चुनौतियां’ विषय पर चर्चा होगी। इस सत्र में एमआईटी पुणे के चेयरमैन डॉ. राहुल वी. कराड का भी विशेष संबोधन होगा।
सम्मेलन के समापन समारोह में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश शामिल होंगे। वहीं, मध्य प्रदेश के संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। यह सम्मेलन युवा जनप्रतिनिधियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, जिम्मेदारियों और भविष्य की चुनौतियों पर संवाद का मंच प्रदान करेगा, जिससे बेहतर शासन और जनभागीदारी को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved