
इंदौर। चुनावी साल आते से ही आम आदमी पार्टी फिर सक्रिय हो गई है। भोपाल में हुए एक सम्मेलन में पार्टी ने सभी झोन में सम्मेलन करने का निर्णय लिया है, ताकि आम लोगों को पार्टी से जोड़ा जा सके। इंदौर में 19 अप्रैल को पार्टी का सम्मेलन होगा, जिसके लिए स्थान का चयन किया जा रहा है।
कल से पूरे प्रदेश में सम्मेलनों की शुरुआत हो रही है। इसके माध्यम से आम लोगों को आम आदमी पार्टी की रीति-नीति भी बताई जाएगी तथा सम्मेलन के माध्यम से आगामी चुनावों पर चर्चा होगी, जिसमें अधिक से अधिक सीट जीतने की रणनीति तैयार होगी। अगले साल नगर निगम चुनाव से प्रदेश में लगातार तीन साल तक चुनाव होना हैं। इसी को लेकर पार्टी ने यह रणनीति तैयार की है। पूरे प्रदेश को 13 झोन में बांटा गया है। कल भोपाल में आम आदमी पार्टी मध्यप्रदेश की नवीन कार्यकारिणी का सम्मेलन आयोजित किया गया था, जिसे सम्बोधित करते हुए प्रदेश के प्रभारी जितेंद्रसिंह तोमर ने मध्यप्रदेश में केजरीवाल मॉडल को घर-घर पहुंचाने का काम पूरी निष्ठा व ईमानदारी के साथ करने की बात कही।
[relost]
सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि पदाधिकारियों के कार्यों की समीक्षा की जाएगी और तय समयसीमा में सभी को पूरी ताकत, मेहनत व ईमानदारी से अपने पद के साथ न्याय करना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा और कांग्रेस एक सिक्के के दो पहलू हैं, यह लोगों को समझाना होगा। चारों तरफ घोटाले हो रहे हैं और प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। प्रदेश में होने वाले चुनावों को लेकर इंदौर में 19 अप्रैल को आम आदमी पार्टी का सम्मेलन होगा, जिसमें सभी पदाधिकारियों के साथ-साथ कार्यकर्ता भाग लेंगे। कल हुए सम्मेलन में प्रदेशभर के आप नेता शामिल हुए। इसके साथ ही दिल्ली से आए 15 प्रदेश सहप्रभारी भी सम्मेलन में उपस्थित रहे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved