
इंदौर। इंदौर में साइबर ठग अब नए-नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं, ताजा मामला राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र से सामने आया है। जहां मोबाइल अपडेट के नाम पर एक व्यक्ति के साथ लाखों की ठगी कर ली गई। पीड़ित को जब तक इस फ्रॉड का पता चलता, तब तक उसके खाते से तीन लाख रुपए निकल चुके थे, फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दरअसल मामला इंदौर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के केसरबाग रोड का है। जहां रहने वाले कपिल पटेल नामक व्यक्ति के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी की वारदात हुई। फरियादी के मुताबिक, उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया था जिसमें मोबाइल अपडेट करने की बात कही गई थी। जैसे ही उन्होंने उस लिंक पर क्लिक किया, एक एप्लीकेशन डाउनलोड होना शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि करीब 97 प्रतिशत डाउनलोड होने के बाद मोबाइल लगातार तीन दिनों तक अपडेट होता रहा और बीच-बीच में अपने आप बंद भी होता रहा।
इसी दौरान ठगों ने उनके बैंक अकाउंट को निशाना बनाया और तीन अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए एक-एक लाख रुपए निकाल लिए, जिसमें पीड़ित को इस ठगी की जानकारी तब लगी जब वह अपने बैंक पहुंचे, जहां उन्हें पता चला कि उनके खाते से कुल तीन लाख रुपए निकाले जा चुके हैं, घटना की शिकायत मिलने के बाद राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। जिसमें पुलिस अब उन बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है, जिनमें यह रकम ट्रांसफर हुई है, साथ ही साइबर टीम की मदद से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक या मोबाइल अपडेट के मैसेज पर बिना पुष्टि किए क्लिक न करें, ताकि इस तरह के साइबर फ्रॉड से बचा जा सके।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved