
इंदौर। इंदौर के संयोगितागंज थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आदतन वाहन चोर अनवर उर्फ अनु शाह को गिरफ्तार किया है, जिसके खिलाफ कुल 46 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी की निशानदेही पर विभिन्न इलाकों से चोरी की गई 36 मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
इस पूरे घटनाक्रम का प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से खुलासा करते हुए क्षेत्रीय डीसीपी राजेश व्यास ने बताया कि शहर में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं के मद्देनज़र एक विशेष टीम बनाकर अभियान चलाया गया था। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर 9 अप्रैल को टीम ने मुंडला बारारा, तहसील नरसिंहगढ़ निवासी अनवर शाह और उसके साथी जीवन वर्मा को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने शहर और अन्य राज्यों राजस्थान, महाराष्ट्र तथा मध्यप्रदेश से बाइक चोरी करने की बात कबूल की। वे चुराई गई बाइक को जंगलों में छिपाकर रखते थे और मौका मिलने पर दूसरे जिलों में बेच देते थे।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 36 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जिनमें 20 वाहन अनवर शाह तथा 16 वाहन जीवन वर्मा की बताई गई लोकेशन से मिले। आरोपी लंबे समय से वाहन चोरी को ही अपनी रोज़ी-रोटी बना चुके थे। पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी संयोगितागंज व उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved