
नालंदा: बिहार के नालंदा जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. एक 17 वर्षीय इंटर पास छात्रा के साथ घर में घुसकर बदमाश ने हथियार के बल पर दुष्कर्म किया. इस दौरान पीड़िता के परिजन भी घर में मौजूद थे. आरोपी ने धमकी दी थी कि अगर किसी को बताया तो जान से मार दूंगा. इस घटना से आहत होकर पीड़िता ने फांसी लगाकर कर आत्महत्या कर ली. जानकारी के मुताबिक, घटना गुरुवार शाम की है, जब छात्रा घर में अकेली थी. आरोप है कि गांव का ही एक बदमाश घर में जबरन घुस गया और छात्रा को हथियार के बल पर बंधक बना लिया और उसके साथ रेप किया.
इसी बीच जब पीड़िता के माता-पिता खेत से काम कर वापस लौटे, तो उन्होंने अपनी आंखों के सामने बेटी के साथ हो रही दरिंदगी को देखा. पीड़िता के पिता ने बताया कि जैसे ही उन्होंने बदमाश को पकड़ने की कोशिश की, उसने उन पर हथियार तान दिया. आरोपी ने न केवल छात्रा को प्रताड़ित किया, बल्कि माता-पिता को भी धमकी दी कि यदि इस बात की जानकारी किसी को दी या पुलिस में शिकायत की, तो वह पूरे परिवार को जान से मार देगा. धमकी देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
परिजनों ने बताया कि घटना के बाद छात्रा गहरे सदमे में थी. पिता ने उसे सांत्वना दी थी कि वह सुबह पुलिस के पास जाकर शिकायत दर्ज कराएंगे. शुक्रवार सुबह जब पिता किसी काम के सिलसिले में बाहर गए और वापस लौटे, तो घर का मंजर देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई.
छात्रा के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था. काफी आवाज देने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ा. अंदर छात्रा का शव फंदे से लटका हुआ था. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया. थानाध्यक्ष प्रमोद ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved