
डेस्क: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X ने अपने मोनेटाइजेशन सिस्टम में बड़ा बदलाव किया है. अब प्लेटफॉर्म पर कम क्वालिटी और क्लिकबेट कंटेंट से कमाई करना आसान नहीं होगा. एलन मस्क के नेतृत्व में यह फैसला कंटेंट की क्वालिटी सुधारने के लिए लिया गया है. नए नियमों के तहत अब ओरिजिनल और वैल्यू देने वाले कंटेंट को ज्यादा प्राथमिकता मिलेगी. इससे क्रिएटर्स को बेहतर कंटेंट बनाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा और प्लेटफॉर्म पर स्पैम और फालतू पोस्ट कम होंगे.
X लंबे समय से एंगेजमेंट फार्मिंग को लेकर आलोचनाओं का सामना कर रहा था, जहां लोग सिर्फ व्यूज और लाइक्स बढ़ाने के लिए कम क्वालिटी या वायरल वीडियो पोस्ट करते थे. अब प्लेटफॉर्म ने ऐसे कंटेंट को डाउनरैंक करने का फैसला लिया है. कंपनी के प्रोडक्ट हेड Nikita Bier ने बताया कि अब सिस्टम को इस तरह डिजाइन किया जा रहा है, जिससे असली और ओरिजिनल कंटेंट बनाने वाले यूजर्स को पहचान मिल सके. इसका मकसद यह है कि जो लोग मेहनत से नया कंटेंट तैयार करते हैं, उन्हें ज्यादा फायदा मिले, न कि सिर्फ वही लोग जो दूसरों का कंटेंट शेयर कर उसे वायरल बनाते हैं.
नए अपडेट के तहत X अपने रेवेन्यू शेयरिंग प्रोग्राम में बदलाव कर रहा है. अब प्लेटफॉर्म उन क्रिएटर्स को ज्यादा रिवॉर्ड देगा, जो ओरिजिनल और हाई क्वालिटी कंटेंट बनाते हैं. निकिता के अनुसार, कंपनी ऐसे टूल्स पर काम कर रही है जो कंटेंट के असली क्रिएटर को पहचान सकें और उन्हें सीधे रेवेन्यू का हिस्सा दें. इसका मतलब यह है कि केवल रीपोस्ट या कमेंट्री करने से कमाई सीमित हो सकती है. साथ ही, पहले जहां रिप्लाई पर मिलने वाले व्यूज को भी गिना जाता था, अब उन्हें मोनेटाइजेशन से हटा दिया गया है ताकि रिप्लाई स्पैम को रोका जा सके.
प्लेटफॉर्म पर कमाई करने के लिए अब यूजर्स को कुछ जरूरी शर्तें पूरी करनी होंगी. X के अनुसार, क्रिएटर को प्रीमियम या प्रीमियम प्लस सब्सक्रिप्शन लेना होगा और कम से कम 500 फॉलोअर्स होने चाहिए. इसके अलावा तीन महीने में 5 मिलियन ऑर्गेनिक इम्प्रेशन हासिल करना जरूरी है. कंपनी के मुताबिक, होम टाइमलाइन पर मिलने वाले ऑर्गेनिक व्यूज को ही ज्यादा महत्व दिया जाएगा. साथ ही, वेरिफाइड यूजर्स और प्रीमियम प्लस सब्सक्राइबर्स के व्यूज का वजन ज्यादा होगा. हालांकि, एक प्रस्ताव जिसमें लोकल रीजन के व्यूज को ज्यादा महत्व देने की बात थी, उसे फिलहाल Elon Musk ने रोक दिया है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved