
बुलंदशहर। यूपी (UP) के बुलंदशहर जिले (Bulandshahr district) के खुर्जा नगर (Khurja Nagar) में जन्मदिन की पार्टी (Birthday party) उस वक्त खूनी संघर्ष में बदल गई, जब मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। सुभाष रोड स्थित एक जिम में बर्थडे पार्टी के दौरान केक लगाने को लेकर दोस्तों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते बवाल में बदल गई। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
इस गोलीबारी में तीन युवकों मनीष सैनी, आकाश सैनी और अमरजीत को सिर में गोली लगी। गंभीर हालत में तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
मौके पर पहुंचे कई बड़े पुलिस अफसर
सूचना मिलते ही मौके पर एसपी देहात अंतरिक्ष जैन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। साथ ही, आरोपियों की तलाश में आसपास के इलाकों में दबिश दी जा रही है। पुलिस को जीतू नामक मुख्य आरोपी की तलाश है।
आरोपियों की तलाश में दबिश तेज
एसपी देहात ने बताया कि खुर्जा पुलिस को तीन लोगों को गोली लगने की सूचना मिली थी। तत्काल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घायलों को अस्पताल भिजवाया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमें गठित कर दी गई हैं, जो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं।
हर एंगल से हो रही जांच
पुलिस टीम हर एंगल से जांच कर रही है। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved