
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में चुनाव (Elections in West Bengal) प्रचार का आज आखिरी दिन है। ऐसे में सभी दलों की ओर से चुनाव प्रचार को लेकर पूरी ताकत झोंक दी गई। पीएम मोदी भी पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के लिए उतरे। पीएम मोदी ने इस दौरान पश्चिम बंगाल में कई जनसभाएं, कई रैलियां और कई रोड शो किए।
ऐसे में अब चुनाव प्रचार थमने से कुछ ही समय पहले उन्होंने पश्चिम बंगाल की जनता के नाम एक पत्र लिखा। पीएम मोदी ने अपने पत्र में कहा कि मैं इस पत्र के माध्यम से बंगाल के अपने हर परिवारजन को अपनी भावनाएं व्यक्त कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि बंगाल का हर नागरिक, हर परिवार एक ही संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है – अब परिवर्तन करना है। भय बहुत हुआ, अब भरोसा चाहिए, अब भाजपा चाहिए।
‘पीएम मोदी ने लिखा पत्र’
पीएम मोदी ने एक्स पर अपना पत्र शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “पश्चिम बंगाल के पूरे चुनाव अभियान के दौरान मुझे अपने परिवारजनों का जो अपार स्नेह और आशीर्वाद मिला है, उसने एक नई ऊर्जा से भर दिया है। यहां की युवाशक्ति हो या नारीशक्ति, हमारे किसान भाई-बहन हों, श्रमिक या फिर कारोबारी, सभी ‘विकसित बंगाल’ के लिए संकल्पित हैं। मैंने इस पत्र में उनके प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं।”
‘अपनी भावनाएं व्यक्त कर रहा हूं’
पीएम मोदी ने अपने पत्र में लिखा, “पश्चिम बंगाल के मेरे प्रिय भाइयों और बहनों, लोकतंत्र का हर महोत्सव बहुत पवित्र होता है। मुझे भी बंगाल के इस उत्सव में हिस्सा लेने का अवसर मिला है। बीते दिनों मुझे आप सभी के सामने बंगाल के विकास को लेकर बीजेपी का रोडमैप रखने का अवसर मिला। आज शाम 5 बजे चुनाव प्रचार खत्म हो रहा है… इस चुनाव की मेरी आखिरी रैली भी हो चुकी है…. मैं अब इस पत्र के माध्यम से बंगाल के अपने हर परिवारजन को अपनी भावनाएं व्यक्त कर रहा हूं।”
‘बंगाल में अलग ही ऊर्जा अनुभव की’
पीएम मोदी ने लिखा, “इस चुनाव के दौरान, मैंने बंगाल में एक अलग ही ऊर्जा अनुभव की है। इतनी गर्मी के बावजूद, इतनी रैलियों के बाद भी, मुझे बंगाल के इस चुनाव में जरा भी थकान नहीं महसूस हुई। ये रैलियां, ये रोड शो मेरे लिए तीर्थ यात्रा की तरह रहे। मैं मां काली के भक्तों के बीच जाता था, तो संभवतः मां काली भी मुझे निरंतर नई ऊर्जा से भरती जा रही थीं।”
‘हर आयु वर्ग का स्नेह ही जीवन की असली पूंजी’
अपने पत्र में पीएम मोदी ने लिखा, “जब जनवरी 2024 में अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन हुआ था, उससे पहले मैंने 11 दिनों का अनुष्ठान किया था, व्रत किया था। इस चुनाव में भी मुझे वही अनुभूति हुई, जैसी किसी देवी मंदिर में दर्शन के समय होती है। बंगाल की सभी रैलियों में, रोड शो में, मुझे इतने अपनत्व भरे संदेश और चित्र मिले हैं कि मैं उन्हें कभी भुला नहीं सकता। रैलियों और रोड शो के बाद जब भी पहला मौका मिलता है, मैं रात में बहुत तसल्ली से उन चित्रों को देखता हूं… आपके प्यार भरे संदेशों को, आपके पत्रों को पढ़ता हूं और अपना जवाब भी लिखवाता हूं। युवा हों, बहन-बेटियां हों, बुजुर्ग हों, हर आयु वर्ग के साथियों में स्नेह का जो भाव मैं देखता हूं, वो मेरे जीवन की असली पूंजी है।”
‘अब भरोसा चाहिए, अब भाजपा चाहिए’
उन्होंने आगे लिखा, “इस चुनाव के दौरान मैंने ये भी देखा कि बंगाल के युवा हों, महिलाएं हों, किसान हों, श्रमिक हों, सभी विकसित बंगाल के लिए कितने अधीर हैं। बंगाल का युवा अब आगे बढ़ने के लिए खुला मैदान चाहता है। बेटियां खुला आसमान चाहती हैं, सुरक्षा चाहती हैं। बंगाल का हर नागरिक, हर परिवार एक ही संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है – अब परिवर्तन करना है। भय बहुत हुआ, अब भरोसा चाहिए, अब भाजपा चाहिए।”
‘जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटूंगा’
पीएम मोदी ने आखिरी में लिखा, “बंगाल की सेवा करना, बंगाल को सुरक्षित करना, ये मेरा वचन है। बंगाल के सामने उपस्थित हर चुनौती को अवसर में बदलना ये मेरे भाग्य में भी है और मेरी जिम्मेदारी भी है। मैं अपनी इस जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटूंगा। मैं आपको भरोसा देता हूं कि बंगाल में बीजेपी के मुख्यमंत्री के शपथग्रहण का उत्सव हम सभी मिलकर मनाएंगे। हम सभी मिलकर, बंगाल को विकसित बनाएंगे।”
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved