
बयाना (भरतपुर) । वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत (Senior Congress leader Ashok Gehlot) ने कहा कि भाजपा सरकार (BJP Government) केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है (Is misusing Central Investigating Agencies) । वे सूपा में पूर्व मंत्री बृजेन्द्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण समारोह को संबोधित कर रहे थे ।
जनसभा को संबोधित करते हुए अशोक गहलोत ने कहा कि वर्तमान में देश का लोकतंत्र संकट के दौर से गुजर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। गहलोत ने चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाए और कहा कि सरकार विकास के मुद्दों से ध्यान भटकाकर केवल धर्म और जुमलेबाजी की राजनीति कर रही है।
बयाना उपखंड के सूपा गांव में पूर्व राज्य मंत्री स्वर्गीय बृजेन्द्र सिंह सूपा की प्रतिमा अनावरण समारोह ने एक विशाल राजनीतिक रैली का रूप ले लिया। इस अवसर पर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने शिरकत की और आगामी राजनीतिक संघर्ष का बिगुल फूंकते हुए केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार पर तीखे प्रहार किए।
चिलचिलाती धूप और बढ़ते पारे के बावजूद कार्यक्रम में हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की भीड़ जुटी। सूपा गांव पहुंचने के रास्ते में जगह-जगह पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत का भव्य स्वागत किया गया। कांग्रेस नेताओं ने इसे स्वर्गीय बृजेन्द्र सिंह के प्रति जनता का सम्मान और मौजूदा सरकार के खिलाफ आक्रोश का प्रतीक बताया।
पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने राज्य की भाजपा सरकार को “पर्ची सरकार” करार देते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और भ्रष्टाचार चरम पर है। वहीं, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं को सुलझाने के बजाय अपनी कुर्सी बचाने की जद्दोजहद में लगी है।
कार्यक्रम के दौरान सभी नेताओं ने स्वर्गीय बृजेन्द्र सिंह सूपा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। गहलोत ने उनके परिजनों से मिलकर संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस आयोजन में गुर्जर आरक्षण और परिसीमन जैसे स्थानीय मुद्दों की गूंज भी सुनाई दी, जिसने क्षेत्र में कांग्रेस की मजबूत पकड़ का प्रदर्शन किया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved