
डेस्क। बॉलीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल ने हाल ही में सोशल मीडिया पर अपनी एक बेहद तनावपूर्ण आपबीती साझा की है। न्यूयॉर्क से मुंबई की यात्रा कर रही अमीषा उस समय बड़ी मुसीबत में फंस गईं, जब संयुक्त अरब अमीरात (UAE) पर हुए हालिया मिसाइल हमलों के कारण उनके विमान का मार्ग बदल दिया गया। अमीषा ने बताया कि कैसे युद्ध जैसी स्थितियों के कारण उन्हें और उनके साथ सफर कर रहे यात्रियों को घंटों तक अनिश्चितता के साए में गुजारने पड़े।
अमीषा पटेल ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि वह एमिरेट्स एयरलाइंस से न्यूयॉर्क से मुंबई लौट रही थीं। जब उनका विमान दुबई में उतरने वाला था, तभी अचानक यूएई के हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया गया। इसका कारण वहां हुए ताजा मिसाइल हमले थे। सुरक्षा कारणों से विमान को तुरंत मस्कट की ओर डायवर्ट कर दिया गया।
अभिनेत्री ने अपनी पोस्ट में चिंता व्यक्त करते हुए लिखा, ‘न्यूयॉर्क से मुंबई वापस आते हुए एमिरेट्स की फ्लाइट में जब हम दुबई में लैंड करने ही वाले थे तभी नए मिसाइल हमलों की वजह से UAE का एयरस्पेस बंद कर दिया गया, अब हमारी फ्लाइट को मस्कट की तरफ मोड़ दिया गया है और हम आगे की जानकारी का इंतजार कर रहे हैं, यह जंग आखिर कब खत्म होगी, प्रार्थना कर रहा हूं।’
मस्कट में कुछ समय रुकने के बाद अमीषा आखिर दुबई एयरपोर्ट पहुंचीं, लेकिन वहां भी उनकी मुश्किलें कम नहीं हुईं। उन्होंने मंगलवार सुबह एयरपोर्ट के भीतर से तस्वीरें साझा कीं, जिसमें उनकी थकान साफ नजर आ रही थी। अमीषा ने बताया कि न्यूयॉर्क से निकले हुए उन्हें 24 घंटे से ज्यादा का समय बीत चुका था, लेकिन वह अभी भी मुंबई पहुंचने के लिए इंतजार कर रही थीं। उन्होंने अपनी टीम के साथ लाउंज में बैठे हुए एक तस्वीर पोस्ट की और लिखा कि एयरपोर्ट पर बिताया जा रहा यह समय अंतहीन लग रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved