
ढाका। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना वतन वापसी की तारीख का ऐलान कर चुकी हैं। उन्होंने कहा है कि वे 16 दिसंबर को बांग्लादेश वापस लौटेंगी। लेकिन वहां की मौजूदा सरकार ने अब उनकी वतन वापसी के प्लान को खारिज कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि अगर वह वापस आने की कोशिश करती हैं, तो उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है। शेख हसीना ने ढाका सरकार से दिल्ली से नेशनल कैरियर, बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस में उनके एयर ट्रांसपोर्ट का इंतजाम करने और ज़रूरी ट्रैवल डॉक्यूमेंटेशन में मदद करने की अपील की।
बांग्लादेश के विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने विदेशी राजनयिकों को सरकार का रुख बताते हुए कहा कि हसीना कोई सामान्य यात्री नहीं हैं, बल्कि दोषी करार दी गई हैं। ऐसे में उनकी वापसी पर गिरफ्तारी तय है। बांग्लादेश की जनता ने आंदोलन के जरिए उन्हें खारिज कर दिया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर हसीना देश लौटती हैं तो उन्हें हथकड़ी लगाई जाएगी। उन्होंने रिपोर्टर्स से कहा, “शेख हसीना कोई आम पैसेंजर नहीं हैं जो बस देश लौटने का फैसला कर सकती हैं। एक दोषी व्यक्ति के तौर पर, अगर वह वापस आती हैं, तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।” 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने के उनके ऐलान के बाद, बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) ने बांग्लादेश-भारत बॉर्डर पर पेट्रोलिंग बढ़ा दी है।