
नदिया। पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनावों के नतीजों ने जहां भारतीय जनता पार्टी को खुश होने की तमाम वजहें दी हैं, वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी नया उत्साह देखने को मिल रहा है। दरअसल, नदिया जिले के करीमपुर से एक दिलचस्प मामला सामने आया है जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दावा किया है कि उन्होंने अपना पार्टी कार्यालय तृणमूल कांग्रेस के कब्जे से वापस ले लिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में कांग्रेस कार्यकर्ता कहते नजर आ रहे हैं कि इस दफ्तर पर TMC ने लंबे समय से जबरन कब्जा कर रखा था।
वीडियो में कांग्रेस कार्यकर्ता ये दावा करते सुने जा सकते हैं कि चुनाव नतीजों के बाद उन्होंने अपने दफ्तर को ‘मुक्त’ करा लिया। बताया जा रहा है कि यह दफ्तर नदिया के करीमपुर इलाके में स्थित है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि अब वे बिना डर के पार्टी गतिविधियां चला सकेंगे। करीमपुर सीट से बीजेपी नेता समरेंद्रनाथ घोष ने जीत दर्ज की है। माना जा रहा है कि राज्य में बीजेपी की बड़ी जीत के बाद स्थानीय स्तर पर राजनीतिक समीकरण बदल गए हैं, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी खुलकर सामने आने का मौका मिला है।
दूसरी ओर, राज्य में चुनाव नतीजों के बाद हिंसा की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। सूबे की राजधानी कोलकाता से लेकर आसनसोल और जलपाईगुड़ी तक तोड़फोड़ और आगजनी की खबरें हैं। आसनसोल नॉर्थ इलाके में टीएमसी के एक कार्यालय में उपद्रवियों ने तोड़फोड़ के बाद आग लगा दी। कोर्ट मोड़ के पास स्थित यह दफ्तर पूरी तरह जलकर खाक हो गया। वहीं जमुड़िया क्षेत्र में भी टीएमसी के कार्यालय में तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। चुनाव परिणाम आने के बाद से ही आसनसोल में कई जगहों पर तनाव बना हुआ है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved