कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस (TMC) की हार के बाद पार्टी नेताओं को लगातार विरोध और आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच जादवपुर से टीएमसी सांसद और अभिनेत्री-गायिका सायोनी घोष (Sayonie Ghosh) सोशल मीडिया पर भारी ट्रोलिंग की वजह से चर्चा में आ गई हैं।
चुनावी प्रचार के दौरान “हृदय मा छे काबा, नयने मदीना…” गीत गाकर सुर्खियां बटोरने वाली सायोनी घोष को अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तीखी प्रतिक्रियाओं का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी की हार के बाद बड़ी संख्या में यूजर्स ने उनके पोस्ट पर नकारात्मक और अभद्र टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं।
स्थिति इतनी बढ़ गई कि सायोनी घोष को अपने सोशल मीडिया अकाउंट का कॉमेंट सेक्शन सीमित करना पड़ा। अब उनके पोस्ट पर केवल चुनिंदा अकाउंट्स ही प्रतिक्रिया दे सकते हैं। पोस्ट के नीचे “Only some accounts can reply” का संदेश दिखाई दे रहा है, जो दर्शाता है कि आम यूजर्स के लिए कॉमेंट सुविधा बंद कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने उनकी तस्वीरों को एडिट कर आपत्तिजनक तरीके से पोस्ट करना भी शुरू कर दिया था। इसके बाद उन्होंने यह कदम उठाया। हालांकि कॉमेंट सेक्शन सीमित करने के बावजूद आलोचक लगातार उन्हें टैग कर पोस्ट साझा कर रहे हैं और कॉमेंट बॉक्स दोबारा खोलने की चुनौती दे रहे हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, चुनाव प्रचार के दौरान सायोनी घोष के कुछ बयान और गीत विपक्ष के निशाने पर रहे थे। विरोधियों का आरोप है कि उन्होंने मुस्लिम वोटरों को साधने की कोशिश की, जबकि समर्थकों का कहना है कि उन्हें जानबूझकर सोशल मीडिया पर टारगेट किया जा रहा है।
बांग्ला फिल्म इंडस्ट्री से राजनीति में आईं सायोनी घोष को टीएमसी के आक्रामक और चर्चित चेहरों में माना जाता है। चुनाव परिणामों के बाद उनकी सोशल मीडिया गतिविधियां और प्रतिक्रियाएं लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved