
चेन्नई। तमिलनाडु में नई सरकार के गठन को लेकर छिड़ा विवाद गहराता जा रहा है। टीवीके नेता विजय थलापति ने बीते दिनों राज्यपाल को 116 विधायकों के समर्थन का जो पत्र सौंपा था, उसे एएमएमके पार्टी महासचिव टीटीवी दिनाकरण ने न केवल फर्जी बताया, बल्कि गिंडी रेंज के सहायक पुलिस आयुक्त में विजय के खिलाफ प्रकरण भी दर्ज करा दिया।
दिनाकरण का कहना है कि उनकी पार्टी ने टीवीके को समर्थन देने से साफ इनकार किया है और विजय ने उनकी पार्टी के विधायक कामराज का फर्जी समर्थन पत्र राज्यपाल को दिया है। उन्होंने कहा कि वह एनडीए के साथ हैं और जिस विधायक कामराज का पत्र सौंपा गया है वह अखिल भारतीय अन्नाद्रविड़ मुनेत्र कषगम के नवनिर्वाचित सदस्यों के साथ पुड्डुचेरी के एक रिसॉर्ट में ठहरे हुए हैं और वे अभी भी पार्टी के साथ ही बने हुए हैं।
टीवीके ने शेयर किया विधायक का वीडियो
दिनाकरण के आरोपों के जवाब में टीवीके ने विधायक कामराज का वीडियो शेयर किया है, जिसमें कामराज दावा कर रहे हैं कि वे अपनी पार्टी के महासचिव की अनुमति और स्वेच्छा से खुशी-खुशी टीवीके को समर्थन दे रहे हैं और समर्थन पत्र लिखकर पार्टी हाईकमान को सौंप चुके हैं। लेकिन पार्टी के महासचिव दिनाकरन ने अनुमति और समर्थन से साफ इनकार कर दिया।
शपथ की हो गई थी तैयारी… ऐन टाइम पर पासा पलटा
बताया जा रहा है कि विजय द्वारा 116 विधायकों का समर्थन पत्र दिए जाने के बाद राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर ने मुख्य सचिव से संपर्क कर अधिकारियों को शपथ ग्रहण की तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए, लेकिन करीब 30 मिनट बाद एएमएमके प्रमुख दिनाकरण ने राजभवन से तत्काल मुलाकात का समय मांगा और आरोप लगाया कि उनकी पार्टी के विधायक के समर्थन पत्र में फर्जी हस्ताक्षर किए गए हैं। उनकी पार्टी का विधायक टीवीके का समर्थन नहीं कर रहा है।
उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि वह विधायक को व्यक्तिगत रूप से पेश करेंगे। इसके बाद दिनाकरण ने विधायक से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन शुरुआत में उनसे संपर्क नहीं हो सका। रात करीब 12 बजे कामराज की मुलाकात दिनाकरण से हुई और दिनाकरण तथा कामराज दोनों ने राज्यपाल से मुलाकात कर कहा कि टीवीके के समर्थन में जमा कराया गया हस्ताक्षर असली नहीं है। उन्होंने कथित जालसाजी को लेकर टीवीके के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की। इन घटनाक्रमों के बाद राज्यपाल ने टीवीके को सूचित किया कि अगले दिन शपथ ग्रहण समारोह नहीं होगा। राजभवन की ओर से मुख्य सचिव को भी शपथ ग्रहण की तैयारियों को लेकर कोई आधिकारिक सूचना जारी नहीं की गई। सूत्रों के अनुसार राज्यपाल ने विजय से कहा है कि वह 118 विधायकों के समर्थन के साथ दोबारा आएं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved