
संगरूर । मुख्यमंत्री भगवंत मान (Chief Minister Bhagwant Mann) ने कहा कि भाजपा अब ‘भारत जलाओ पार्टी’ बन चुकी है (BJP has now become ‘Bharat Jalao Party’ ) ।
पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के सरकारी आवास पर शनिवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छापेमारी की, जिसको लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा अपने राजनीतिक फायदे के लिए सीबीआई, ईडी, आयकर विभाग और चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं का लगातार दुरुपयोग कर रही है। भगवंत मान ने कहा कि भाजपा के लोग पंजाब को निशाना बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। पिछले दिनों एक कारोबारी के ठिकाने पर ईडी की रेड हुई, जिसे आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा से जोड़कर देखा जा रहा है। यह डराने का प्रयास है, लेकिन इसे सफल नहीं होने दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने संगरूर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि अन्य राज्यों के बाद अब भाजपा के निशाने पर पंजाब है। पूरे देश में भाजपा का काम करने का यही तरीका है, जिसका सामना अब पंजाब को करना पड़ रहा है। पहले अशोक मित्तल के कारोबारी घरानों पर ईडी की रेड हुई थी, जिसके बाद वह भाजपा में शामिल हो गए और रेड खत्म हो गई। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार देश के संवैधानिक ढांचे के साथ खिलवाड़ कर रही है। वह जहां जीत नहीं पा रही है, वहां ईडी और सीबीआई भेजकर लोगों को परेशान करती है और डरा-धमकाकर अपने पक्ष में करने की कोशिश करती है। आखिर ईडी के छापे केवल उन्हीं राज्यों में क्यों मारे जा रहे हैं, जहां भाजपा की सरकार नहीं है? यह लोकतंत्र की सीधी-सीधी हत्या है।
सीएम भगवंत मान ने कहा कि पंजाबियों के खिलाफ नफरत और भेदभाव की राजनीति की जा रही है। हमें डराने-धमकाने के लिए रोज नए-नए हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। मैं एक बात साफ कर देना चाहता हूं कि पंजाब गुरुओं और पीरों की धरती है। इस उपजाऊ मिट्टी में हर बीज अंकुरित हो सकता है, लेकिन नफरत का बीज यहां कभी जड़ नहीं जमा सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश और ओडिशा में अराजकता फैलाई और उसके बाद वहां वोट मांगे। यह पहले आग लगाते हैं और फिर वोट हासिल करके सरकार बनाते हैं। पश्चिम बंगाल में भाजपा ने नारा लगाया था कि ‘बंगाल में सरकार हमारी है’ और अब ‘पंजाब में बारी है।’ इसी नारे के तहत अब भाजपा पंजाब में आग लगाने की कोशिश कर रही है। भाजपा अब ‘भारत जलाओ पार्टी’ बन चुकी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved