
जबलपुर। दमोहनाका जोन कार्यालय के सामने अपनी मांगों को लेकर 18 मई से भूख हड़ताल पर बैठीं महिला पार्षद मुकिमा याकूब अंसारी और नगर निगम प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच हुई बातचीत बेनतीजा रही है। वार्ता विफल होने के बाद महिला पार्षद ने नगर निगम प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है कि यदि अगले 24 घंटे के भीतर उनके वार्ड की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वे अपने इस आंदोलन को आमरण अनशन में बदल देंगी। बुधवार को आंदोलन स्थल पर पहुंचे नगर निगम के अपर आयुक्त देवेन्द्र सिंह चौहान और अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव ने भूख हड़ताल पर बैठीं महिला पार्षद से चर्चा की और उन्हें मनाने का प्रयास किया। बातचीत के दौरान महिला पार्षद ने मांग रखी कि नगर निगम ने उनके क्षेत्र के सामुदायिक भवन और कन्या शाला के कमरों को जर्जर घोषित करके तुड़वा दिया है, इसलिए प्रशासन जल्द से जल्द इनका पुनर्निर्माण कार्य शुरू करवाए।
इस पर निगम अधिकारियों का कहना था कि यह निर्माण कार्य नगर निगम के बजाय शिक्षा विभाग द्वारा कराया जाना है। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक समझाइश और मान-मनौव्वल का दौर चलता रहा, लेकिन कोई ठोस सहमति नहीं बन सकी। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान धरना स्थल पर वरिष्ठ नेता दिनेश यादव, नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, नगर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा, अयोध्या तिवारी, अख्तर अंसारी भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराने पहुंचे थे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved