
मथुरा। वृंदावन में वैष्णव किन्नर अखाड़ा (Vaishnav Kinnar Akhada) की प्रमुख हिमांगी सखी (Himangi Sakhi) ने मंगलवार को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (Cockroach Janta Party) के समर्थन में खुलकर बयान दिया। ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचीं हिमांगी सखी ने कहा कि यह संगठन देश में फैले भ्रष्टाचार और सामाजिक अव्यवस्था को उजागर करने का काम कर रहा है।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि जो लोग समाज को आईना दिखाते हैं, उनसे डरने के बजाय लोगों को आत्ममंथन करना चाहिए। उनके मुताबिक डर उसी व्यक्ति को लगता है, जिसके भीतर कहीं न कहीं गलत काम छिपे होते हैं। ईमानदार लोगों को किसी भी तरह की सच्चाई से घबराने की जरूरत नहीं है।
युवाओं की पहल को बताया सकारात्मक
हिमांगी सखी ने कहा कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ युवाओं की पहल है, जो सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए भ्रष्टाचार और सामाजिक मुद्दों को सामने ला रही है। उन्होंने इसे लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में सकारात्मक प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि आज का युवा पहले से ज्यादा जागरूक है और अपनी बात मजबूती से रखने में सक्षम है। भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाना समाज के लिए जरूरी है।
खुलकर दिया समर्थन
हिमांगी सखी ने इस संगठन को अपना समर्थन देते हुए कहा कि वह किन्नर जगद्गुरु शंकराचार्य के रूप में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के साथ खड़ी हैं। उन्होंने दावा किया कि कम समय में इस संगठन ने राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि वैश्विक स्तर पर भी पहचान बनाई है, जो इस बात का संकेत है कि लोग बदलाव चाहते हैं।
सोशल मीडिया पर तेज हुई बहस
उनके बयान के बाद सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ खुलकर बोलने की पहल बताया, जबकि कुछ ने इसे राजनीतिक विवादों से जोड़कर देखा। हालांकि हिमांगी सखी ने स्पष्ट किया कि उनका समर्थन किसी राजनीतिक फायदे के लिए नहीं, बल्कि सामाजिक पारदर्शिता और जागरूकता के समर्थन में है। वृंदावन में दिए गए इस बयान के बाद ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं। आने वाले समय में इस मुद्दे पर राजनीतिक और सामाजिक प्रतिक्रियाएं बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved