
भागलपुर। बिहार (Bihar) के उत्तर और पूर्वी हिस्सों में मंगलवार और बुधवार को आई तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि (Storm and Rain) ने भारी तबाही मचा दी। इस प्राकृतिक आपदा (Natural Disaster) में अब तक आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई जिलों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण और पश्चिम चंपारण में पेड़ और घर गिरने की घटनाओं में दबकर दो बच्चों और एक बुजुर्ग महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। वहीं पूर्वी बिहार के अन्य हिस्सों में चार और लोगों की जान चली गई। तेज हवाओं और बारिश के चलते बिजली व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हुई, क्योंकि कई स्थानों पर पोल गिर गए और तार टूट गए।
आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से कृषि क्षेत्र को भी बड़ा नुकसान हुआ है। खासकर आम और लीची के बागानों में भारी क्षति दर्ज की गई है। तेज हवाओं के कारण बड़ी संख्या में फल पेड़ों से टूटकर गिर गए, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। हालांकि कुछ फसलों जैसे हरी सब्जियां, गन्ना और मूंग को इस बारिश से फायदा भी मिला है क्योंकि मिट्टी में नमी बढ़ी है।
भागलपुर में स्थिति और गंभीर रही, जहां कई जगह पेड़, बिजली के पोल और तार गिरने से आपूर्ति बाधित हो गई। बुधवार को शहर और आसपास के कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप रही। हालात को देखते हुए साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के एमडी राहुल कुमार खुद भागलपुर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
भागलपुर-बौंसी मुख्य मार्ग पर पेड़ गिरने से यातायात घंटों बाधित रहा। वहीं शाहकुंड क्षेत्र के दरियापुर-हरथापुर सड़क पर बना एक पुराना पुल भी तेज बारिश और हवाओं में ध्वस्त हो गया।
दरभंगा में आंधी के कारण कई पेड़ उखड़ गए, जबकि घरों की छतों पर लगे सोलर पैनल भी तेज हवा में उड़ गए। मधुबनी में पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ और कई होर्डिंग व बैनर क्षतिग्रस्त हो गए। मुजफ्फरपुर और आसपास के जिलों में तेज हवाओं ने खेतों में खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुंचाया, जिसमें लीची और आम के पके फल बड़ी मात्रा में झड़ गए।
मुख्यमंत्री का शोक, मृतकों के लिए मुआवजे की घोषणा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस प्राकृतिक आपदा में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि सरकार इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है। राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की गई है। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved