
कोलकाता: पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद से लगातार सियासी बवाल जारी है. हाल ही में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी के बाद सांसद कल्याण बनर्जी पर हमला हुआ. जिसको लेकर सूबे की राजनीति गरमा गई है. ये मामला अभी थमा नहीं था कि अब एक और सांसद बापी हलदर लोगों के गुस्से का शिकार हुए. लोगों ने उनके दफ्तर में जमकर तोड़फोड़ की जिससे हालात काफी तनावपूर्ण हो गए. लोगों का आरोप है कि राहत सामग्री जरूरतमंदों तक नहीं पहुंचाई जा रही थी, जबकि सांसद के दफ्तर में बड़ी मात्रा में सामग्री रखी गई थी.
जानकारी के मुताबिक पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के मथुरापुर स्थित कृष्णचंद्रपुर क्षेत्र में रविवार शाम को स्थानीय लोगों और स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाओं के एक समूह ने मथुरापुर के सांसद बापी हलदर के दफ्तर में हमला बोल दिया. भीड़ ने दफ्तर की खिड़कियों के शीशे और साइन बोर्ड तोड़ दिए.
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सांसद बापी हलदर पर लंबे समय से क्षेत्र में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं में शामिल रहने के गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने दावा किया कि स्थानीय लोगों को धमकाया गया, विरोधियों के खिलाफ झूठे मामले दर्ज किए गए और स्वयं सहायता समूह के लाभार्थियों के लिए आवंटित पैसों का गलत इस्तेमाल किया गया.
प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना था कि कई SHG लाभार्थियों को पात्र होने के बावजूद सरकारी लाभ और वित्तीय सहायता से वंचित रखा गया. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके लिए आवंटित धनराशि कभी भी लाभार्थियों तक नहीं पहुंची. उनका कहना था कि कई पात्र स्वयं सहायता समूह सदस्यों को सरकारी योजनाओं और वित्तीय सहायता का लाभ नहीं मिल पाया जबकि वो इसके लिए पूरी तरह योग्य थीं.
इसके साथ ही प्रदर्शनकारियों ने यह भी दावा किया कि सरकारी राहत सामग्री सांसद के पार्टी दफ्तर में रखी गई थी. अनियमितताओं से नाराज होकर भीड़ दफ्तर के परिसर में घुस गई और तोड़फोड़ की. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से विरोध करने वालों को डराया-धमकाया जाता रहा है और उनके खिलाफ झूठे मामले दर्ज कराए गए.
पुलिस ने बताया कि दक्षिण 24 परगना जिले के मथुरापुर स्थित टीएमसी सांसद बापी हलदर के पार्टी कार्यालय में रविवार को स्थानीय लोगों ने तोड़फोड़ की, उनका आरोप था कि वहां बाढ़ राहत सामग्री अवैध रूप से रखी गई थी. पुलिस ने किसी तरह लोगों वहां से हटाया और स्थिति को नियंत्रण किया. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बढ़ा दी है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved