
जबलपुर । वाणिज्यिक कर अधिकारी मनीष कुमार जैन के घर (On residence of Commercial Tax Officer Manish Kumar Jain) लोकायुक्त के छापे में (During Lokayukta Raid) 4 करोड़ की संपत्ति मिली (Assets worth Rs. 4 crore were Discovered) ।
मध्य प्रदेश के विशेष पुलिस स्थापना लोकायुक्त ने वाणिज्यिक कर अधिकारी मनीष कुमार जैन के रिलाएबल डेवलपर कॉलोनी स्थित आवास पर दबिश दी । इस कार्रवाई में लगभग 4 करोड़ की संपत्ति का खुलासा हुआ है जो उसकी आय से 264.64 प्रतिशत अनुपातहीन है। लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक अंजूलता पटले को आयुक्त वाणिज्यिक कर विभाग जबलपुर में वाणिज्यिक कर अधिकारी वर्तमान पदस्थापना दमोह के पद पर पदस्थ मनीष कुमार जैन के द्वारा आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने संबंधी शिकायत प्राप्त हुई थी। इसकी सत्यापन कार्यवाही निरीक्षक बृज मोहन सिंह नरवरिया के द्वारा कार्रवाई की गई। सत्यापन में सूचना प्रथमदृष्टया सही पाये जाने पर आरोपी मनीष कुमार जैन के विरूद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988(संशोधित 2018) धारा 13(1)बी, 13(2) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया ।
लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार शिकायत के सत्यापन और मामला दर्ज किए जाने के बाद लोकायुक्त के दल ने मंगलवार की सुबह मनीष जैन के निवास पर दबिश दी, यह कार्रवाई जारी है। लोकायुक्त को इस कार्रवाई के दौरान संपत्तियों का खुलासा हुआ। जबलपुर में 278.74 वर्ग मीटर भूमि क्रय की है जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 43 लाख 60,880, पत्नी निधि जैन के नाम से 116.14 वर्ग मीटर भूमि क्रय की है जिसकी अनुमानित कीमत 95 लाख 6375 रुपए है। इसी तरह मनीष जैन की पत्नी निधि जैन के नाम से 180 वर्ग मीटर भूमि क्रय की है जिस पर अनावेदक ने बंगला बनाया है जिसकी अनुमानित कीमत 22 लाख 87,126 रुपए, 402.41 वर्ग मीटर प्लाॅट क्रय किया है जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 13,68,550 रुपए, भोपाल में 83.18 वर्ग मीटर का फ्लैट जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 13 लाख 34,630 रुपए है।
मनीष जैन की माता शशि जैन के नाम से बन्डा सागर में 92.93 वर्ग मीटर का प्लाट क्रय कर उस पर मकान बनाया है जिसकी अनुमानित लागत 23,49,140 रुपए, पिता कोमल चंद जैन के नाम से बन्डा सागर में 91.07 वर्ग मीटर का प्लाट क्रय कर उस पर मकान बनाया है जिसकी अनुमानित लागत 43,19,388 रुपए, बन्डा सागर में 111.48 वर्ग मीटर का प्लाट क्रय कर उस पर मकान बनाया है जिसकी अनुमानित लागत 28,6,485 रुपए है। इसके अलावा मनीष जैन द्वारा अपने एवं परिवार के सदस्यों के नाम से बीमा पॉलिसी ली गई है, जिनका अनुमानित व्यय 33 लाख 93,986 रुपए है l लोकायुक्त कार्यालय से दी गई जानकारी बताया गया है कि मनीष कुमार जैन की कुल आय 1,03,73,317 रु के विरूद्ध कुल 3,78,25,707 रु का व्यय किया जाना अभी तक की जांच में पाया गया है जो कि कुल अर्जित आय का 264.64 प्रतिशत अनुपातहीन है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved