गाजियाबाद। पति-पत्नी के बीच घरेलू परंपराओं (Domestic traditions) और व्यक्तिगत स्वतंत्रता को लेकर शुरू हुआ विवाद अब कोर्ट तक पहुंच गया है। मामला घूंघट करने की परंपरा से जुड़ा है, जहां विवाहिता ने शादी (Married) के कुछ ही दिनों बाद ससुराल पक्ष पर दबाव बनाने का आरोप लगाया।
परिवार परामर्श केंद्र में पहुंची महिला ने शिकायत की कि शादी के बाद उस पर घूंघट करने के लिए मानसिक दबाव बनाया जा रहा है। विवाहिता का कहना था कि यह उसकी व्यक्तिगत पसंद और स्वतंत्रता का मामला है। इसी दौरान महिला ने तंज भरे अंदाज में कहा कि अगर वह घूंघट करेगी तो पति को भी शेरवानी पहनकर रहना चाहिए।
जानकारी के मुताबिक, भोजपुर क्षेत्र की रहने वाली महिला की करीब एक साल पहले राजस्थान के अलवर निवासी युवक से शादी हुई थी। महिला गृहिणी है, जबकि पति निजी कंपनी में कार्यरत है। काउंसलिंग के दौरान दोनों पक्षों को कई बार समझाने की कोशिश की गई, लेकिन सहमति नहीं बन सकी।
बताया जा रहा है कि लगातार सुनवाई के बावजूद विवाद सुलझने के बजाय और गहराता गया। आखिरकार दोनों पक्षों ने समझौते से इनकार कर दिया, जिसके बाद मामला परिवार परामर्श केंद्र से बंद कर कोर्ट भेज दिया गया। अब दोनों ने तलाक के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जींस-टीशर्ट पहनने पर भी विवाद
इसी तरह का एक अन्य मामला भी सामने आया, जिसमें विवाहिता ने आरोप लगाया कि शादी के बाद उसे वेस्टर्न कपड़े पहनने से रोका जा रहा था और लगातार साड़ी पहनने का दबाव बनाया जा रहा था। परामर्श केंद्र की पहल के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।
रील बनाने को लेकर बढ़ा तनाव
एक अन्य दंपती के बीच सोशल मीडिया को लेकर विवाद सामने आया। पति की शिकायत थी कि पत्नी दिनभर इंस्टाग्राम रील बनाने और वीडियो कॉल में व्यस्त रहती है, जिससे परिवार और निजी जीवन प्रभावित हो रहा है। काउंसलिंग के बाद दोनों के बीच सुलह करा दी गई।
लाइफस्टाइल बनी रिश्तों में दरार की वजह
वहीं, एक शिक्षित दंपती के बीच जीवनशैली के अंतर को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला अलगाव तक पहुंच गया। पति-पत्नी के बीच दिनचर्या और रहन-सहन को लेकर लंबे समय से मतभेद चल रहे थे, जिसे सुलझाने की कोशिश नाकाम रही।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved