img-fluid

पेवर ब्लॉक्स के नाम पर सड़क पर खुदाई ने मुश्किल बढ़ाई

June 02, 2026

  • नया मोहल्ला रोड पर एक साल पुराना गड्ढा अब तक नहीं भरा, यातायात भी प्रभावित

जबलपुर। शहर के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल नया मोहल्ला रोड इन दिनों नगर निगम के निर्माण और खुदाई कार्यों के कारण आम नागरिकों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। एक ओर सड़क पर पेवर ब्लॉक्स लगाने का काम चल रहा है, वहीं दूसरी ओर अव्यवस्थित निर्माण कार्य और अधूरी मरम्मत ने यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर दिया है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार पिछले वर्ष जल विभाग द्वारा सड़क पर पाइप लाइन एवं अन्य कार्यों के लिए गड्ढा खोदा गया था, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी उसकी समुचित मरम्मत नहीं की गई। सड़क पर बना यह गड्ढा आज भी लोगों के लिए खतरा बना हुआ है। अब उसी क्षेत्र में नगर निगम द्वारा दोबारा खुदाई कर पेवर ब्लॉक्स लगाने का काम शुरू कर दिया गया है।



  • निकाले गए पेवर ब्लॉक्स भी बने मुसीबत, जहां-तहां फेंके
    रहवासियों का आरोप है कि सड़क से निकाले गए पुराने पेवर ब्लॉक्स को व्यवस्थित तरीके से हटाने के बजाय आसपास बने गड्ढों में ही डाल दिया गया है। इससे सड़क की चौड़ाई कम हो गई है और वाहन चालकों को निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। व्यस्त समय में यहां जाम की स्थिति बन जाती है और दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है। व्यापारियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम बिना उचित योजना के काम शुरू कर देता है, लेकिन उसे समय पर पूरा नहीं करता। इससे आम जनता को लंबे समय तक असुविधा झेलनी पड़ती है।

    अच्छी-भली सड़क थी…
    क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि जब सड़क पहले से बनी हुई थी और किसी बड़े नुकसान की स्थिति नहीं थी, तो आखिर दोबारा खुदाई की आवश्यकता क्या थी यदि निर्माण कार्य जरूरी था तो उसे निर्धारित समय-सीमा में पूरा क्यों नहीं किया जा रहा है। लोगों का आरोप है कि शहर में विकास कार्यों के नाम पर बार-बार सड़कों की खुदाई की जाती है, लेकिन मरम्मत और गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया जाता। परिणामस्वरूप नागरिकों को धूल, गड्ढों, जाम और दुर्घटना के खतरे का सामना करना पड़ता है।

    स्मार्ट सिटी के खोखले दावों पर उठ रहे गंभीर सवाल
    नया मोहल्ला रोड की स्थिति को लेकर लोगों ने स्मार्ट सिटी परियोजना पर भी सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि यदि प्रमुख मार्गों पर ही अव्यवस्थित खुदाई, अधूरे निर्माण कार्य और खराब यातायात व्यवस्था देखने को मिल रही है, तो फिर स्मार्ट सिटी के दावे कितने सार्थक हैं? स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम और संबंधित विभागों से मांग की है कि निर्माण कार्य को जल्द पूरा किया जाए, सड़क पर पड़े मलबे और पुराने पेवर ब्लॉक्स को तत्काल हटाया जाए तथा लंबे समय से अधूरी पड़ी मरम्मत को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।

    Share:

  • लापरवाही पर 22 कर्मचारियों पर ठोंका जुर्माना

    Tue Jun 2 , 2026
    लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत तय समय पर सेवाएं नहीं देने पर कलेक्टर की कार्रवाई जबलपुर। जिले में लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत आम लोगों को तय समय पर सेवाएं नहीं देने के कारण कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने कड़ा कदम उठाते हुए 22 अधिकारियों और कर्मचारियों पर कुल 34500 रुपये का जुर्माना लगाया […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved