
टीकमगढ़। मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) के टीकमगढ़ जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दिगौड़ा थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में एक दंपती(पति पत्नी) की कुल्हाड़ी मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान चैनू घोष और उनकी पत्नी ताना घोष के रूप में हुई है। इस दोहरे हत्याकांड के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और गांव में भारी तनाव का माहौल है।
सड़क किनारे खून से लथपथ मिले शव
घटना की जानकारी तब लगी जब सुबह रामनगर गांव में सड़क किनारे पति-पत्नी के खून से लथपथ शव पड़े मिले। शवों को देखते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और तुरंत इसकी सूचना स्थानीय दिगौड़ा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुँचा और घटनास्थल को सील कर अपनी कार्रवाई शुरू की।
हत्या की वजह: जमीनी विवाद
प्रारंभिक जांच और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, इस खूनी वारदात के पीछे जमीनी विवाद मुख्य कारण बताया जा रहा है। माना जा रहा है कि जमीन के किसी पुराने टुकड़े को लेकर आरोपियों का दंपत्ति से विवाद चल रहा था, जिसके चलते आरोपियों ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया और चैनू घोष व उनकी पत्नी ताना को मौत के घाट उतार दिया।
जांच में जुटी पुलिस, जिला अस्पताल भेजे गए शव
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना करने के बाद दोनों शवों को पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। दिगौड़ा थाना पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved