
नई दिल्ली । कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Congress President Mallikarjun Khadge) ने कहा कि इंडिया ब्लॉक की बैठक में (In India Block Meeting) पांच मुद्दों पर सहमति बनी (Consensus reached on Five Issues) ।
दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में सोमवार को इंडिया ब्लॉक गठबंधन की बैठक हुई। इस बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, सोनिया गांधी, शरद पवार, सुप्रिया सुले, टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सहित अन्य दलों के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। खड़गे ने कहा कि शिवसेना(यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन भी वर्चुअल तरीके से बैठक में शामिल हुए और अपनी राय रखी ।
बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बताया कि बैठक अच्छी रही है और पांच मुद्दों पर सहमति बनी है, जिस पर मजबूती के साथ काम करना है। खड़गे ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि इंडिया ब्लॉक गठबंधन की बैठक में 25 राजनीतिक दल शामिल हुए। इस बैठक के बाद हम लोगों ने पांच बिंदुओं पर सहमति जताई है। इन मुद्दों पर हम आगे भी बैठक करेंगे, काम करेंगे, लड़ेंगे और आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि यह तय हुआ है कि इंडिया गठबंधन की सभी पार्टियां हर दो महीने में बैठक करेंगी। अगली बैठक अगस्त में हैदराबाद में होगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को मौजूदा आर्थिक स्थिति, बेरोजगारी, महंगाई, किसानों के मुद्दों और लोगों से जुड़े अन्य मुद्दों पर चर्चा करने के लिए तुरंत सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए। मानसून सत्र के दौरान संसद में कामकाज के तालमेल के लिए विपक्ष के नेता के कार्यालय में हर सुबह बैठकें होंगी।
खड़गे ने मीडिया के सामने बैठक में जिन पांच मुद्दों पर सहमति बनी, उसे पढ़कर सुनाया। इंडिया गठबंधन की बैठक में सभी दलों ने पांच बिंदुओं पर अपनी सहमति जताई है। उन्होंने कहा कि हम इन मुद्दों पर डटकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि ये सहमति बनी कि एसआईआर और मतदाता सूची में हेरफेर तथा चुनाव की निष्पक्षता के संबंध में भारत के मुख्य न्यायाधीश को एक पत्र भेजा जाएगा। ये पत्र उन्हें शीघ्र ही सौंपा जाएगा। लाखों छात्रों को प्रभावित करने वाले अनेक गंभीर मुद्दों की स्थिति को देखते हुए ये सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शिक्षा मंत्री को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। ऐसा इसलिए क्योंकि उनके कार्यकाल में नीट और सीबीएसई परीक्षाओं में लाखों युवाओं के साथ विश्वासघात हुआ है। नतीजा है कि आज लाखों युवा सड़कों पर खड़े हैं।
वर्तमान में बढ़ती गंभीर आर्थिक स्थिति, बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई, अत्याचार और किसानों के मुद्दों को हम उठाते रहेंगे। केंद्र सरकार को जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर एक सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए, जिसमें हम इन सारे मुद्दों को उनके सामने रखेंगे। इंडिया गठबंधन के सभी दल हर दो महीने में बैठक करेंगे। हमारी अगली बैठक अगस्त में हैदराबाद में होगी। मानसून सत्र के दौरान संसदीय समन्वय जारी रहेगा और हर सुबह नेता प्रतिपक्ष के कार्यालय में समन्वय बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में हिस्सा लेने के बाद राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे ने मीडिया को जानकारी दी है। पांच अहम मुद्दों पर एक कमेटी बनाई गई है और हम सब एकजुट हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved