
नई दिल्ली । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Union Home Minister Amit Shah) ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में (Under the leadership of Prime Minister Modi) गरीब कल्याण और अभूतपूर्व विकास (Welfare of the Poor and unprecedented Development ) 12 वर्षों में समांतर रूप से चरितार्थ हुए (Have been achieved simultaneously in the last 12 Years) ।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “नरेंद्र मोदी जी ने आज के ही दिन तीसरी बार लगातार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी।” उन्होंने पोस्ट में लिखा, “मोदी जी के नेतृत्व में इन 12 वर्षों में देश ने पहली बार गरीब कल्याण और अभूतपूर्व विकास को समांतर रूप से चरितार्थ होते देखा है। चाहे 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन देना हो या देशभर में 90 से अधिक एयरपोर्ट और 140 से अधिक वंदे भारत ट्रेनें शुरू करनी हों, चाहे 4 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को पक्के घर देने हों या 1.45 लाख किलोमीटर सड़कें और 3000 किमी आधुनिक एक्सप्रेसवे बनाने हों। चाहे 50 करोड़ लोगों को 5 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा और 10 करोड़ से अधिक परिवारों को गैस कनेक्शन देने हों या भारत को दुनिया में सबसे तेजी से आगे बढ़ती अर्थव्यवस्था बनाना हो।” गृह मंत्री ने आगे लिखा, “मोदी जी ने अपने अथक परिश्रम से इन 12 वर्षों में एक भी दिन अवकाश लिए बिना देश और देशवासियों की सेवा की है। जब नेतृत्व की नीयत साफ हो, लक्ष्य राष्ट्रहित हो और समर्पण पूर्ण हो, तभी ऐसे परिवर्तन संभव होते हैं।”
इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “12 साल पहले नरेंद्र मोदी ने भारत के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेकर सेवा, सुशासन और जनकल्याण को केंद्र में रखकर एक नए युग का सूत्रपात किया था। वे देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं।” भाजपा अध्यक्ष ने लिखा, “इस अवधि में गरीब कल्याण, अन्नदाता समृद्धि, नारी शक्ति के सशक्तीकरण, युवाओं के लिए अवसर, स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास, डिजिटल परिवर्तन और आधारभूत संरचना के अभूतपूर्व विस्तार को नई गति मिली है। अनुच्छेद 370 का ऐतिहासिक निरसन, श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का निर्माण व सनातन सांस्कृतिक विरासत के पुनर्स्थापन ने राष्ट्र की अस्मिता, आत्मगौरव और सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा प्रदान की है।”
उन्होंने लिखा, “इस परिवर्तनकारी यात्रा के केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी का ‘प्रधानसेवक’ भाव और सेवा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता रही है। इसी प्रेरणा के साथ हम सभी ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक स्वप्न को साकार करने हेतु अपने सामूहिक प्रयासों के साथ पूर्ण रूप से संकल्पित हैं।” बता दें कि नरेंद्र मोदी ने 9 जून 2024 को तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। उन्होंने अपने कार्यकाल के 4398 दिन पूरे करते हुए सबसे लंबे समय तक पीएम पद पर बने रहने के जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड को भी तोड़ा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved