
कोलकाता । टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी (TMC MP Kalyan Banerjee) ने कहा कि अभिषेक बनर्जी से जुड़े किसी भी कानूनी मामले में (Abhishek Banerjee in any Legal Matter) पैरवी नहीं करेंगे (Will not Represent) ।
टीएमसी सांसद और वरिष्ठ नेता कल्याण बनर्जी ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पर तीखा हमला बोलते हुए उनके नेतृत्व और व्यवहार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। मीडिया से बातचीत में कल्याण बनर्जी ने कहा कि वह अब अभिषेक बनर्जी से जुड़े किसी भी कानूनी मामले की पैरवी नहीं करेंगे, क्योंकि उन्हें उनका “घमंडी रवैया” पसंद नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्होंने वकालत के पेशे में 45 साल बिताए हैं और कई मौजूदा नेता कभी उनके जूनियर के रूप में काम कर चुके हैं।
कल्याण बनर्जी ने कहा, “अभिषेक बनर्जी मेरा अपमान नहीं कर सकते। राजनीति में भी मैं उनसे वरिष्ठ हूं। उन्हें यह समझना होगा कि उनकी वजह से पार्टी को हार का सामना करना पड़ा है और आज पार्टी जिस संकट से गुजर रही है, उसके लिए भी वही जिम्मेदार हैं।” उन्होंने आगे कहा कि वह अपमान बर्दाश्त नहीं कर सकते और इस मुद्दे पर पार्टी प्रमुख एवं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से भी अपील करेंगे।
कल्याण बनर्जी ने कहा, “मैं दीदी से कहना चाहता हूं कि अगर आप अभिषेक बनर्जी पर ही निर्भर रहना चाहती हैं तो उन्हीं के साथ रहिए, मुझे छोड़ दीजिए। लेकिन अगर आप उनसे अलग होती हैं तो मैं आपके साथ हूं। उन्होंने हमारी पार्टी को बर्बाद कर दिया है।” कल्याण बनर्जी के इस बयान ने राज्य की राजनीति में हलचल मचा दी है। उनके आरोपों को टीएमसी के भीतर बढ़ते असंतोष के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved