
भोपाल: उत्तराखंड में लागू होने के बाद अब मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में भी समान नागरिक संहिता (UCC) बिल लाने की तैयारी की जा रही है. मुख्यमंत्री मोहन यादव (CM Mohan Yadav) ने इस संबंध में बड़े संकेत दिये हैं. उन्होंने कहा कि भगवान महाकाल ने चाहा तो विधानसभा (Assembly) के इसी सत्र में समान नागरिक संहिता विधेयक पारित होगा. इसी के साथ उन्होंने नीट परीक्षा को लेकर सभी व्यवस्थाओं पर विशेष तौर से ध्यान देने की बात कही है.
मुख्यमंत्री मोहन यादव आज विधानसभा पहुंचे और सबसे पहले उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कैलाशनाथ काट्जू की जन्मतिथि के मौके पर उन्हें याद किया. उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की. इसी दौरान उन्होंने समान नागरिक संहिता के संदर्भ में अपने विचार व्यक्त किए.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि विधानसभा के इसी सत्र में समान नागरिक संहिता (UCC) विधेयक पेश होगा. इसके अलावा विधानसभा सत्र में सरकार कई महत्वपूर्ण और समसामयिक विषय भी लेकर आ रही है. उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल की कृपा से यूसीसी विधेयक इसी सत्र में जरूर पारित होगा.
दूसरी ओर, सीएम डॉ. यादव ने कहा कि नीट परीक्षा को लेकर मध्यप्रदेश सरकार लगातार केंद्र सरकार के संपर्क में है. परीक्षा के सुचारु एवं पारदर्शी आयोजन के लिए उन सभी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है. साथ ही राज्य सरकार परीक्षार्थियों के आवागमन सहित आवश्यक सुविधाओं के लिए भी व्यापक प्रबंध कर रही है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved