
डेस्क: भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज अब अपने आखिरी पड़ाव पर है. तीसरा और आखिरी वनडे 20 जून को चेन्नई में खेला जाएगा, जिसके साथ ही सीरीज भी खत्म हो जाएगी. मगर इस सीरीज में जो एक बड़ी रेस चल रही है, उसमें टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल को पकड़ पाना अब टेढ़ी खीर ही दिख रहा है. ये रेस है सीरीज में सबसे ज्यादा रनों की. गिल ने पहले दो वनडे के बाद बड़ा अंतर पैदा कर रखा है, जो कि उनके इस रेस को जीतने की वजह बन सकता है.
शुभमन गिल ने अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले दो मैचों में 1 शतक और 1 अर्धशतक के साथ 238 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका औसत 238 का रहा है. शुभमन गिल और दूसरे नंबर पर मौजूद उन्हीं के जिगरी यार और टीममेट ईशान किशन के बीच 79 रन का फासला है.
ईशान किशन ने अफगानिस्तान के खिलाफ 2 वनडे में 1 शतक के साथ 179 रन बनाए हैं. इस दौरान ईशान किशन का औसत 79.50 का रहा है. ईशान किशन के अलावा अफगानिस्तान के रहमानुल्लाह गुरबाज सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में वनडे सीरीज में तीसरे नंबर पर हैं. उन्होंने 2 वनडे में 1 शतक और 71.50 की औसत के साथ 143 रन बनाए हैं.
भारत-अफगानिस्तान वनडे सीरीज में यही 3 बल्लेबाज हैं, जिन्होंने पहले दो वनडे के बाद 100 रन का आंकड़ा पार किया है. शुभमन गिल तो 200 के पार हैं और ऐसा करने वाले सीरीज में इकलौते भी. ईशान किशन से 79 रन आगे गिल, अफगानिस्तान के रहमानुल्लाह गुरबाज से 95 रन दूर हैं.
इन आंकड़ों को देखने और शुभमन गिल की फॉर्म को देखने के बाद कहना गलत नहीं होगा कि जिस तरह की फॉर्म में वो हैं, उन्हें सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में मौजूदा सीरीज में पीछे छोड़ना मुश्किल ही दिख रहा है. अगर तीसरे और आखिरी वनडे में अफगानिस्तान के खिलाफ नहीं भी चले, फिर भी एक बड़ी बढ़त है उनके पास, जो उन्हें रनों की रेस में नंबर 1 बनाए रख सकता है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved