
मुंबई। बीजेपी नेता और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नितेश राणे ने उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस तरह अभिषेक बनर्जी के कारण तृणमूल कांग्रेस में असंतोष और फूट देखने को मिली, उसी तरह आदित्य ठाकरे की वजह से उद्धव ठाकरे की शिवसेना का ये हाल है। राणे ने तंज कसा, आदित्य ठाकरे यूबीटी शिवसेना के “अभिषेक बनर्जी” हैं। राणे ने तंज कसते हुए कहा कि जैसे अभिषेक बनर्जी को हेलमेट पहनकर घूमना पड़ रहा है, वैसे ही वह आदित्य ठाकरे को भी एक हेलमेट गिफ्ट भेज रहे हैं, क्योंकि पता नहीं कब और कहां से चप्पल या अंडे आ जाएं?
नितेश राणे ने दावा किया कि यूबीटी शिवसेना के सांसदों की बगावत के पीछे मुख्य कारण पार्टी नेतृत्व की कांग्रेस के साथ बढ़ती नजदीकियां हैं। उनके अनुसार, उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना कांग्रेस के साथ जाना चाहती थी और यहां तक कि कांग्रेस में विलय की दिशा में बढ़ रही थी, जिसे कई सांसदों ने स्वीकार नहीं किया।
राणे ने कहा कि यही वजह है कि सांसदों ने विद्रोह का रास्ता चुना। उन्होंने बालासाहेब ठाकरे का हवाला देते हुए कहा कि बालासाहेब का स्पष्ट मत था कि यदि शिवसेना कभी कांग्रेस के साथ जाएगी तो वह अपनी “दुकान बंद कर देंगे”। राणे के मुताबिक, बालासाहेब की इसी विचारधारा से जुड़े रहने के कारण कई सांसदों ने यूबीटी नेतृत्व के खिलाफ बगावत की है।
यूबीटी नेता आदित्य ठाकरे ने कहा, एक बार फिर हम गंदी राजनीति का एक चौंकाने वाला उदाहरण देख रहे हैं। ये बेशर्म, एहसान-फ़रामोश और भ्रष्ट लोग, जो कुछ खास लोगों की वजह से 2024 में जीते थे, अब उन्हीं को धोखा दे रहे हैं! आप चाहे कितने भी बहाने बना लें… सच तो बस एक ही है। आपने बेशर्मी से खुद को बेच दिया है। आपने न सिर्फ़ खुद को बेचा है, बल्कि अपनी इज़्ज़त, अपना नाम और अपने परिवार का नाम भी दांव पर लगा दिया है। महाराष्ट्र इस गंदी राजनीति को बर्दाश्त नहीं करेगा… बिल्कुल नहीं! इस अंधेरे में रोशनी लाने वाला कोई और नहीं, बल्कि हमारी मशाल ही होगी!
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved