
नई दिल्ली। विदेशी कंपनियों (Foreign Companies) के लिए भारत (India) हॉट डेस्टिनेशन (Hot Destination) बन रहा है. यहां की करीब डेढ़ अरब की जनसंख्या वाले बाजार पर दांव लगाने में विदेशी कंपनियां बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं. हालिया आंकड़े बताते हैं कि वैश्विक कंपनियों और संस्थागत निवेशकों ने हाल के महीनों में भारत में 90 अरब डॉलर (करीब 8.60 लाख करोड़ रुपये) से अधिक के नए निवेश की घोषणाएं की हैं. यह ग्लोबल मार्केट में तनाव और आर्थिक अनिश्चितता के बावजूद देश की दीर्घकालिक वृद्धि की संभावनाओं में बढ़ते भरोसे को दर्शाता है।
सूत्रों के मुताबिक, ये निवेश की प्रतिबद्धताएं कृत्रिम मेधा (एआई), क्लाउड कंप्यूटिंग, डिजिटल बुनियादी ढांचा, विनिर्माण और औद्योगिक प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में की गई हैं. ये प्रतिबद्धताएं ऐसे समय में जताई गई हैं जब दुनिया भर की कंपनियां व्यापार में बाधाओं और पश्चिम एशिया में अस्थिरता से जूझ रही हैं. सबसे बड़ी प्रतिबद्धताओं में से एक, फरवरी में गूगल ने पांच साल में भारत में एआई बुनियादी ढांचे को बढ़ाने के लिए 15 अरब डॉलर के निवेश की योजना का ऐलान किया. इसमें डेटा सेंटर, समुद्र के भीतर संपर्क सुविधा, क्लाउड क्षमता और कौशल तैयार करने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम शामिल है।
ऑस्ट्रेलिया की कंपनी लगाएगी 30 अरब डॉलर
मार्च में औद्योगिक प्रौद्योगिकी समूह एबीबी ने प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में विनिर्माण और शोध क्षमताओं को बढ़ाने के लिए 7.5 करोड़ डॉलर के निवेश की घोषणा की है. ऑस्ट्रेलिया की एयर ट्रंक ने साल 2030 तक भारत में पांच गीगावाट डेटा सेंटर क्षमता विकसित करने के लिए 30 अरब डॉलर के निवेश की घोषणा की है. यह देश के इतिहास में डिजिटल बुनियादी ढांचे के लिए किए गए सबसे बड़ी निवेश प्रतिबद्धताओं में से एक है. इसके अलावा कनाडा पेंशन योजना निवेश बोर्ड ने भी सीटीआरएलएस डेटासेंटर्स के साथ मिलकर हाइपरस्केल डेटा सेंटर क्षमता का विस्तार करने और भारत के डिजिटल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 7,000 करोड़ रुपये तक के निवेश की प्रतिबद्धता जताई है।
.
फ्रांस ने भी खेला बड़ा दांव
फ्रांस की भवन सामग्री बनाने वाली कंपनी सेंट गोबेन ने 18 जून को बताया था कि वह अगले 5 वर्षों में भारत में अतिरिक्त एक अरब यूरो का निवेश करेगी. कंपनी ने भारत को दुनियाभर में अपने सबसे तेजी से बढ़ते बाजारों में से एक बताया. सबसे नया और सबसे बड़े निवेश की प्रतिबद्धता अमेजन ने जताई है. कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एंडी जेसी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और साल 2030 तक भारत में कंपनी के निवेश की प्रतिबद्धता को बढ़ाकर 48 अरब डॉलर करने की योजना की घोषणा की है।
क्यों भारत पर दांव खेल रहीं विदेशी कंपनियां
ग्लोबल कंपनियों की निवेश की घोषणाएं भारत के प्रति बढ़ते आकर्षण को दिखाती है. बहुराष्ट्रीय कंपनियां अब भारत को भविष्य की वृद्धि, डिजिटल बदलाव और विनिर्माण के विस्तार के लिए एक अहम केंद्र के तौर पर देख रही हैं. सूत्रों ने बताया कि इन सभी प्रतिबद्धताओं से पता चलता है कि वैश्विक कंपनियों का भारत पर भरोसा बढ़ रहा है, जबकि दूसरी जगहों पर आर्थिक और भू-राजनीतिक अनिश्चितता के कारण हालात साफ नहीं हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved