
नई दिल्ली: सेशेल्स दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (28 जून 2026) को वहां के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की अहम बैठक की. इस दौरान दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और सेशेल्स दोनों मानते हैं कि हिंद महासागर उनका साझा घर है. इसकी सुरक्षा, स्थिरता और समृद्धि दोनों देशों की साझा जिम्मेदारी है.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत का विजन हिंद महासागर को अवसरों का महासागर बनाना है. उनका कहना था कि यह ऐसा क्षेत्र होना चाहिए जहां समुद्री सुरक्षा के साथ आर्थिक विकास भी सुनिश्चित हो. उन्होंने जोर देकर कहा कि साझेदारी का आधार किसी देश का आकार नहीं, बल्कि आपसी सम्मान और भरोसा होना चाहिए. यही भारत के महासागर विजन की असली सोच है.
सेशेल्स की रक्षा और सुरक्षा एक-दूसरे से जुड़ी हुई-प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने साफ कहा कि भारत और सेशेल्स की रक्षा और सुरक्षा एक-दूसरे से जुड़ी हुई है. उन्होंने बताया कि दोनों देशों ने आर्थिक सहयोग को और मजबूत बनाने पर भी विस्तार से चर्चा की. साथ ही आने वाले समय में उद्योगों के बीच नए अवसर तलाशने और कनेक्टिविटी बढ़ाने पर भी सहमति बनी. पीएम मोदी ने यह भी कहा कि भारत अपने डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर का सफल अनुभव सेशेल्स के साथ साझा करेगा. राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी ने भी कहा कि हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा भारत और सेशेल्स के रिश्तों का बहुत अहम हिस्सा है. दोनों देशों ने समुद्री डकैती, ड्रग तस्करी, अवैध मछली पकड़ने और सीमा पार अपराधों के खिलाफ मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई.
भारत और सेशेल्स के बीच हुए 19 समझौते
इस बैठक के दौरान भारत और सेशेल्स के बीच रक्षा, डिजिटल पेमेंट, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य, कृषि और शिक्षा जैसे कई क्षेत्रों में कुल 19 समझौते और नई पहलें घोषित की गईं. विदेश मंत्रालय के अनुसार, इन समझौतों में प्रत्यर्पण संधि, अंतरिक्ष के शांतिपूर्ण उपयोग में सहयोग, UPI आधारित डिजिटल भुगतान व्यवस्था लागू करना, EXIM बैंक की लाइन ऑफ क्रेडिट और नए राष्ट्रीय अस्पताल की तैयारी से जुड़े समझौते शामिल हैं. भारत ने सेशेल्स को एक फास्ट पेट्रोल वेसल उपहार में देने की घोषणा की. इसके साथ 10 यूटिलिटी वाहन और 5 लेजर रेडियल क्लास बोट्स भी सौंपे जाएंगे. इसके अलावा सेशेल्स कोस्ट गार्ड के पीएस ज़ोरोस्टर जहाज की मरम्मत पूरी होने और डोर्नियर विमान के अपग्रेडेशन की जानकारी भी साझा की गई.
भारत ने सेशेल्स को कई चीज देने का किया ऐलान
भारत ने सेशेल्स को 6 एंबुलेंस, 500 मीट्रिक टन चावल और 8,500 मीट्रिक टन सीमेंट देने की भी घोषणा की. यह मदद दोनों देशों के मजबूत रिश्तों को और गहरा करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है. भारत और सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों के 50 साल पूरे होने के मौके पर एक स्मारक लोगो भी लॉन्च किया गया. यह दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे भरोसे और दोस्ती का प्रतीक है.
डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देने के लिए बड़ा काम
डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देने के लिए नेशनल पेमेंट कॉपरेशन ऑफ इंडिया, इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड और सेंट्रल बैंक ऑफ सेशेल्स के बीच समझौता हुआ. इसके जरिए सेशेल्स में UPI आधारित भुगतान को बढ़ावा मिलेगा. स्वास्थ्य क्षेत्र में भी बड़ा कदम उठाया गया. HLL लाइफ केयर और सेशेल्स के स्वास्थ्य मंत्रालय के बीच जन औषधि योजना के तहत भारतीय दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए समझौता हुआ. प्रधानमंत्री मोदी तीन दिन के दौरे पर सेशेल्स पहुंचे हैं. यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब सेशेल्स अपनी आजादी के 50 साल पूरे होने का जश्न मना रहा है. साथ ही भारत और सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों की भी 50वीं वर्षगांठ है. प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved