
नोएडा: नोएडा (Noida) के सेक्टर-126 इलाके में देर रात कार के अंदर शराब पी रहे दो युवकों के साथ दर्दनाक हादसा हो गया. अचानक कार में आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर बैठे एक युवक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी जिंदा जलकर मौत हो गई. हादसे के दौरान कार में लगे CNG सिलेंडर में भी ब्लास्ट हो गया. हालांकि, दूसरा युवक सुरक्षित बच गया.
कार में शराब पी रहे थे दो युवक
जानकारी के मुताबिक, घटना बीते सोमवार देर रात करीब 11 बजे की है. कैब चालक राजेंद्र अपनी कार में सुशील नाम के युवक के साथ बैठकर शराब पी रहा था. बताया जा रहा कि दोनों ट्रक मार्केट के पास मौजूद थे. इसी दौरान राजेंद्र किसी काम से कार से बाहर उतर गया. कुछ ही देर बाद अचानक कार में आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि कार में मौजूद सुशील को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला. वह अंदर ही फंस गया और जिंदा जलने से उसकी मौत हो गई.
CNG सिलेंडर में हुआ ब्लास्ट
आग लगने के कुछ देर बाद कार में जोरदार धमाका भी हुआ. बताया जा रहा कि कार में CNG सिलेंडर लगा हुआ था. आग की वजह से सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया. हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार से युवक का शव बरामद किया. पुलिस ने मृतक की पहचान सुशील के रूप में की है. हालांकि अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि वह कहां का रहने वाला था.
बीड़ी पीने के दौरान आग लगने की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही कि कार में बीड़ी पीने के दौरान आग लगी होगी. बताया जा रहा कि कैब चालक राजेंद्र शराब पीने का आदी है और आसपास ही रहता है. वह अक्सर लोगों के साथ बैठकर शराब पीता था. घटना वाली रात भी उसने शराब के ठेके के पास एक युवक को अपनी कार में बैठाकर शराब पी थी.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
एडिशनल डीसीपी अभय कुमार के मुताबिक, कार में CNG सिलेंडर लगा हुआ था. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. मृतक सुशील कहां का रहने वाला था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है. इसके लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. वहीं कार चालक राजेंद्र से भी पूछताछ की जा रही है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved